👉 अल्मोड़ा विवेकानंद इंटर कालेज की प्रगति में अथाह योगदान देकर छोड़ी बेहतर छाप
👉 अनुशासन, पठन पाठन और बेहतर प्रबंधन के मामले में कभी नहीं गिरने दी साख
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: शहर का प्रतिष्ठित विवेकानंद इंटर कालेज रानीधारा अल्मोड़ा के प्रधानाचार्य मोहन सिंह रावल सेवानिवृत्त हो गए हैं। सेवानिवृत्ति पर बीते मंगलवार को उन्हें समारोहपूर्वक पूरे विद्यालय परिवार ने भावुक वातावरण में भावभीनी विदाई दी। यहां उल्लेखनीय है कि इस विद्यालय की उत्तरोत्तर प्रगति में लंबा योगदान देने वाले श्री रावल अनुशासन व बेहतर प्रबंधन के लिए जाने जाते रहे हैं। उन्हें विदाई देते हुए स्टाफ के कई लोगों की आंखें नम हो गईं।

विद्यालय सभागार में आयोजित विदाई कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत से हुआ। इसके बाद संचालन करते हुए गिरिजा शंकर ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की और प्रधानाचार्य मोहन सिंह रावल के कार्यकाल की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक डॉ. एनएस भंडारी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानाचार्य मोहन सिंह रावल का व्यक्तित्व अत्यंत विनम्र एवं सहयोगी रहा है और उन्होंने अपने अनुभव, ज्ञान एवं मार्गदर्शन से अपने सहकर्मियों एवं विद्यार्थियों को एक नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय के उत्थान में उनके योगदान को सदैव याद रखा जाएगा। अन्य वक्ताओं ने विचार रखते हुए रावल के मार्गदर्शन, अनुशासन एवं विद्यालय के विकास में योगदान एवं दूरगामी सोच की सराहना की।
अपने संबोधन में प्रधानाचार्य रावल ने विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह संस्थान उनके जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है और उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में सदैव ईमानदारी, परिश्रम और अनुशासन अपनाने की प्रेरणा दी। इस मौके पर उन्हें पुष्पगुच्छ, स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर सभी की आंखें नम हो गईं। कार्यक्रम का समापन वंदेमातरम् गीत के साथ हुआ। समारोह में अध्यक्ष बद्री विशाल अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अरुण वर्मा, विभाग प्रचारक कमल, जिला प्रचारक बिरेन्द्र, श्याम पाण्डे, प्रो. जगत सिंह बिष्ट, प्रो. एसएस पथनी, डॉ. आरसी उपाध्याय, गणेश चम्याल, पूर्व सम्भाग निरीक्षक प्रकाश पंत, गोपाल सांगा, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, गिरिजा किशोर पाठक, गोदावरी चतुर्वेदी, प्रीति बहुगुणा, पूनम जोशी, नर्मदा शंकर अग्रवाल, अपूर्व पंत, दिनेश शाह समेत विद्यायल के शिक्षक, विद्यार्थी, अभिभावक प्रबन्ध समिति एवं राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे।


