पुलिस ने मौके पर ही ठोका 5000 का चालान
सीएनई रिपोर्टर, हल्द्वानी। आपातकालीन सेवाओं 112 के साथ मज़ाक करना एक युवक को महंगा पड़ गया। चाकूबाजी की सनसनीखेज सूचना देकर पुलिस को दौड़ाने वाले इस शख्स की सच्चाई जब सामने आई, तो मामला ही पलट गया—और जेब से निकल गए सीधे 5000 रुपये!
दरअसल, रविवार दोपहर करीब 3:11 बजे ‘डायल 112’ पर एक कॉल आई, जिसमें भोटिया पड़ाव के वैलेजली लॉज इलाके में चाकू से जानलेवा हमले की सूचना दी गई। मामला गंभीर समझते हुए हल्द्वानी कोतवाली पुलिस बिना देर किए मौके पर पहुंची।
लेकिन वहां जो नजारा दिखा, उसने पुलिस को भी हैरान कर दिया। कथित पीड़ित या कोई वारदात नहीं—बल्कि कॉल करने वाला युवक राहुल चौहान खुद ही शराब के नशे में धुत मिला!
जांच-पड़ताल में साफ हो गया कि न तो कोई हमला हुआ था और न ही कोई झगड़ा—यह पूरी कहानी सिर्फ नशे में की गई शरारत थी। युवक ने पुलिस को गुमराह करने और परेशान करने के लिए झूठी कॉल कर दी थी।
हालांकि पकड़े जाने पर उसने अपनी गलती मान ली और माफी भी मांगी, लेकिन पुलिस ने इस हरकत को हल्के में नहीं लिया। सरकारी कार्य में बाधा डालने और आपातकालीन सेवा का दुरुपयोग करने पर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई और मौके पर ही 5000 रुपये का चालान काट दिया गया।
पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि ‘डायल 112’ कोई मजाक नहीं, बल्कि जीवन बचाने वाली सेवा है। झूठी सूचना देने वालों पर आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



