व्यास कपिल देव महाराज ने बिखेरी आध्यात्मिक आभा
मंदिर विकास के लिए लाखों की घोषणा
सीएनई रिपोर्टर, सुयालबाड़ी : ग्राम कफलाड़ में इन दिनों भक्ति की अविरल धारा बह रही है। यहाँ स्थित प्रसिद्ध दुर्गा माता मंदिर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के दौरान श्रद्धालुओं का भारी हुजूम उमड़ रहा है। कथा के आठवें दिन यानी अष्टमी के पावन अवसर पर संपूर्ण क्षेत्र देवी भजनों और जयकारों से गुंजायमान रहा। कथा प्रवचन में व्यास कपिल देव महाराज ने बिखेरी आध्यात्मिक आभा बिखेरी।
हल्द्वानी से पधारे सुप्रसिद्ध कथावाचक व्यास कपिल देव महाराज ने अपनी ओजस्वी वाणी से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने भागवत महापुराण के विभिन्न प्रसंगों का सजीव वर्णन करते हुए भक्ति और सत्संग के महत्व पर प्रकाश डाला। अष्टमी के विशेष अवसर पर आयोजित भजनों की धुन पर श्रद्धालु स्वयं को रोक नहीं पाए और पूरा मंदिर प्रांगण नृत्य और कीर्तन के उल्लास में डूब गया। विशेषकर महिलाओं ने माता के मनमोहक भजनों पर पारंपरिक नृत्य कर वातावरण को पूरी तरह आध्यात्मिक बना दिया।

विकास कार्यों के लिए उमड़ी घोषणाओं की बौछार
धार्मिक अनुष्ठान के इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने भी शिरकत की और मंदिर व ग्राम सभा के विकास हेतु महत्वपूर्ण वित्तीय सहयोग की घोषणा की:
- विधायक सरिता आर्या: क्षेत्र की विधायक ने मंदिर की भव्यता और सुविधाओं के विस्तार के लिए 2.50 लाख रुपये देने की घोषणा की।
- ब्लॉक प्रमुख दीपक कुमार: रामगढ़ ब्लॉक प्रमुख ने ग्राम सभा कफलाड़ के सार्वजनिक कार्यों हेतु 1.50 लाख रुपये देने का ऐलान किया।
समिति का अनुकरणीय सहयोग
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में मंदिर समिति के सदस्यों ने दिन-रात एक कर रखा है। व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से चलाने में चंदन नेगी, प्रकाश जोशी, दिनेश पंत, डीके पांडे, गोविंद पंत, राजेंद्र साह, पान सिंह, शेर सिंह, बालादत्त जोशी, केशवदत्त और कांतिबल्लभ का विशेष योगदान रहा।
आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों से न केवल धार्मिक चेतना जागृत होती है, बल्कि सामाजिक समरसता और एकजुटता को भी बल मिलता है। कथा के समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा।


