अपनों को देख छलकीं आंखें
सीएनई रिपोर्टर, हल्द्वानी : पुलिस के ‘ऑपरेशन स्माइल’ अभियान को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। मुखानी थाना क्षेत्र के गैस गोदाम रोड स्थित भगत कॉलोनी से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए 21 वर्षीय युवक पंकज पंत को पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के रामपुर से सकुशल बरामद कर लिया है। युवक के घर लौटने पर परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
घटनाक्रम के अनुसार, हिम्मतपुर (भगत कॉलोनी) निवासी पंकज पंत गत 20 मार्च 2026 को बिना बताए अपने घर से कहीं चला गया था। परिजनों ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की, लेकिन सफलता न मिलने पर पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन और ऑपरेशन स्माइल के नोडल अधिकारी अमित कुमार (पुलिस उपाधीक्षक, हल्द्वानी) के पर्यवेक्षण में विशेष टीम का गठन किया गया।

तकनीकी सर्विलांस से मिला सुराग
पुलिस टीम ने आधुनिक तकनीकी सर्विलांस और मोबाइल लोकेशन का बारीकी से विश्लेषण किया। मुखबिरों को सक्रिय करने और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देने के बाद, टीम युवक की लोकेशन रामपुर (उत्तर प्रदेश) में ट्रैक करने में सफल रही। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को बरामद कर लिया और उसे सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। अपने बेटे को वापस पाकर परिजनों ने एसएसपी नैनीताल और पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।
अभियान की सफलता: पुलिस कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, ‘ऑपरेशन स्माइल’ के तहत अब तक कुल 32 गुमशुदाओं (01 बालक, 04 बालिका, 09 पुरुष और 18 महिलाएं) को सकुशल उनके अपनों से मिलाया जा चुका है।
पुलिस टीम का योगदान इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में अपर उप निरीक्षक आनंद बल्लभ जोशी (टीम प्रभारी), महिला कांस्टेबल लक्ष्मी वर्मा, महिला कांस्टेबल दीपा सामंत, कांस्टेबल अतीक अहमद और कांस्टेबल दिगंबर सिंह शामिल रहे।


