पुलिस टीम को नगद पुरस्कार
CNE REPORTER : नैनीताल जिले में नशामुक्त उत्तराखण्ड के लक्ष्य को साकार करने के लिए पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ० मंजुनाथ टी०सी० के निर्देशन में जनपद भर में अवैध नशा तस्करी के खिलाफ अभियान तेज किया गया है। इसी क्रम में काठगोदाम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है, जहां करीब 27 लाख रुपये कीमत की स्मैक के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशों के अनुपालन में पुलिस अधीक्षक नगर हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष काठगोदाम विमल कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान वन विभाग के जू डम्पिंग जोन बागजाला के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनके कब्जे से कुल 91.10 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
इस संबंध में थाना काठगोदाम में धारा 8/21/29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपी एवं बरामदगी
पहले आरोपी आनन्द सिंह रावत के कब्जे से 68.35 ग्राम स्मैक बरामद की गई, जबकि दूसरे आरोपी रोहित थापा के पास से 22.75 ग्राम स्मैक बरामद हुई। कुल मिलाकर 91.10 ग्राम स्मैक की बरामदगी हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 27 लाख रुपये बताई जा रही है।
आपराधिक इतिहास
आरोपी आनन्द सिंह रावत के खिलाफ पूर्व में भी कोतवाली हल्द्वानी में एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें वर्ष 2020 के मामले शामिल हैं।
पूछताछ में खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे स्मैक को पिंचू नामक व्यक्ति, निवासी शक्तिफार्म, सितारगंज (जनपद उधम सिंह नगर) से खरीदकर हल्द्वानी क्षेत्र में बेचते थे। पुलिस द्वारा उक्त व्यक्ति की तलाश और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस टीम
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक दिलीप कुमार, कांस्टेबल सुरेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल त्रिलोक रोतेला तथा कांस्टेबल भानू प्रताप शामिल रहे।
पुरस्कार की घोषणा
इस सराहनीय कार्य के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल द्वारा पूरी पुलिस टीम को 2,000 रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की गई है।


