HomeBreaking Newsमां के अंतिम संस्कार के खर्चे पर भिड़े तीन भाई, तवे—बेलन बने...

मां के अंतिम संस्कार के खर्चे पर भिड़े तीन भाई, तवे—बेलन बने हथियार

ADVERTISEMENTS

एक का सिर फूटा, दूसरा ​पुलिस हिरासत में तीसरा फरार

मां की चिता की राख ठंडी भी नहीं हुई…हो गया खूनी खेल

सीएनई रिपोर्टर, रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर शहर के जगतपुरा इलाके में एक बेहद हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। मां के अंतिम संस्कार के कुछ ही घंटों बाद तीन सगे भाइयों के बीच ऐसा विवाद भड़क उठा कि मामला सीधे खूनी संघर्ष में बदल गया।

गुस्से में बेकाबू भाइयों ने घर में रखे तवे और बेलन को ही हथियार बना लिया। इस मारपीट में एक भाई का सिर फूट गया, जबकि बीच-बचाव करने आई एक महिला भी घायल हो गई।

मां के अंतिम संस्कार से लौट कर आपस में लड़ रहे भाई

श्मशान से लौटते ही शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, रुद्रपुर के जगतपुरा वार्ड नंबर-5 में रहने वाले तीनों भाइयों की मां का उसी दिन अंतिम संस्कार किया गया था। अंतिम संस्कार की रस्में पूरी कर परिवार के लोग श्मशान घाट से घर लौटे ही थे कि मां के अंतिम संस्कार को लेकर हुए खर्चे को लेकर तीनों कलयुगी भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि बहस की वजह अंतिम संस्कार में हुए खर्च को लेकर असहमति थी।

शुरुआत में मामूली बहस के रूप में शुरू हुई यह नोकझोंक धीरे-धीरे इतनी बढ़ गई कि देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया।

गुस्से में तवा-बेलन से किया हमला

परिवार के भीतर बढ़े तनाव ने कुछ ही मिनटों में हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि गुस्से में भाइयों ने घर में मौजूद रसोई के सामान को ही हथियार बना लिया। इसी दौरान एक भाई ने दूसरे भाई के सिर पर तवे से जोरदार वार कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।

मारपीट के दौरान घर में अफरा-तफरी मच गई और महिलाओं व बच्चों में दहशत फैल गई।

बीच-बचाव में आई महिला भी घायल

घटना के दौरान जब एक भाई की पत्नी झगड़ा शांत कराने के लिए आगे आई तो वह भी हमले का शिकार हो गई। आरोप है कि उसे बेलन से कमर पर जोरदार वार किया गया, जिससे वह दर्द से कराहते हुए जमीन पर गिर पड़ी। अचानक हुए इस घटनाक्रम से पूरे घर और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।

घर के भीतर से आ रही चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते पूरे इलाके में हलचल मच गई और लोग इस घटना को लेकर चर्चा करने लगे।

पार्षद पति ने पुलिस को दी सूचना

घटना की जानकारी मिलते ही वार्ड नंबर-5 के पार्षद पति राजेश शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों के उपचार के लिए 108 एंबुलेंस को बुलाया। एंबुलेंस के जरिए घायल महिला को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज किया गया।

एक आरोपी हिरासत में, दूसरा फरार

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने एक आरोपी भाई को हिरासत में ले लिया, जबकि दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस ने क्या कहा ?

आवास विकास चौकी प्रभारी प्रकाश चंद्र के अनुसार,
“मारपीट की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई थी। घायल लोगों को मेडिकल जांच और उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। फिलहाल सभी घायलों की हालत ठीक बताई जा रही है और उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया है।”

उन्होंने आगे बताया,
“तीनों भाइयों के बीच अंतिम संस्कार में हुए खर्च को लेकर विवाद हुआ था, जो मारपीट में बदल गया। अभी तक इस मामले में कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही फरार आरोपी की तलाश भी की जा रही है।”

मां के अंतिम संस्कार के तुरंत बाद भाइयों के बीच हुए इस हिंसक झगड़े ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। लोग इस बात पर हैरानी जता रहे हैं कि जहां एक ओर परिवार में शोक का माहौल होना चाहिए था, वहीं मामूली विवाद ने रिश्तों को खून-खराबे तक पहुंचा दिया।

ADVERTISEMENTS
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments