मंगलपड़ाव मोबाइल लूट कांड का खुलासा
युवकों में एक बरेली, दूसरा अल्मोड़ा का निवासी
पकड़े गए युवक वेंडर हैं, मेले—ठेलों में खाने—पीने का सामान बेचने का काम करते हैं
सीएनई रिपोर्टर, हल्द्वानी। गत 9 मार्च को मंगलपड़ाव क्षेत्र में एक व्यक्ति का मोबाइल लूटने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने आज धर दबोचा है। इनके कब्जे से मोबाइल व 26 हजार रुपये कैश बरामद हुए हैं। पकड़े गए आरोपियों में एक महज 19 तो दूसरा 20 साल का युवक है। एक बरेली और दूसरा अल्मोड़ा का रहने वाला है। लुटेरे युवकों ने मोबाइल लूटने के बाद GPay से 42 हजार रुपये भी उड़ा लिए थे। पकड़े गए युवक वेंडर हैं, मेले—ठेलों में खाने—पीने का सामान बेचने का काम करते हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गत 13 मार्च 2026 को वादी हरेन्द्र सिंह पुत्र नकौल सिंह निवासी टीमर बड़ौन, खनस्यू जनपद नैनीताल द्वारा एक तहरीर दी गई। जिसमें उन्होंने बताया गया कि 9 मार्च को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उनका मोबाइल फोन लूट लिया गया। लुटेरों ने वादी के मोबाइल से गूगल पे के माध्यम से 42,000 रुपये भी निकाल लिए।
प्राप्त तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में धारा 309(4) BNS बनाम अज्ञात पंजीकृत किया गया, जिसकी विवेचना एसआई आशा शर्मा के सुपुर्द की गई।
उक्त घटना का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. द्वारा घटना के शीघ्र अनावरण तथा अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु निर्देश दिए गए। जिसके क्रम में मनोज कुमार कत्याल, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी, अमित कुमार सैनी, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी के पर्यवेक्षण तथा विजय सिंह मेहता, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया।
गठित पुलिस टीम द्वारा सुरागरसी-पतारसी एवं घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का अवलोकन कर घटना में संलिप्त अभियुक्तों की पहचान की गई। गत दिवस शनिवार को पुलिस टीम द्वारा दोनों युवकों को लूटे गए मोबाइल फोन व 26 हजार रुपये के साथ गिरफ्तार किया गया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) BNS की बढ़ोतरी की गई।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
गिरफ्तार आरोपियों में अरुण सोलंकी (19 साल) पुत्र आदेश सोलंकी निवासी एयरफोर्स गेट, नैनीताल रोड, थाना इज्जतनगर, जनपद बरेली निवासी है। सचिन सोलंकी (20 साल) पुत्र राजेन्द्र सोलंकी मुख्य बाजार, सर्प गांव को जाने वाले मार्ग, थाना सोमेश्वर, जिला अल्मोड़ा का रहने वाला है। पुलिस टीम में वरिष्ठ उप निरीक्षक भूपेन्द्र मेहता, एसआई आशा शर्मा, हेड कांस्टेबल इसरार नवी व कांस्टेबल दिनेश नगरकोटी शामिल रहे।


