HomeUttarakhandAlmoraअल्मोड़ा: सिरफिरे ने दौड़ा दी यात्री बस, पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में...

अल्मोड़ा: सिरफिरे ने दौड़ा दी यात्री बस, पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में दबोचा

पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा

CNE REPORTER, अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब धारानौला बस स्टैंड पर खड़ी एक यात्री बस को एक संदिग्ध सिरफिरा युवक स्टार्ट कर ले भागा। बस में यात्री सवार थे और किसी को अंदाजा नहीं था कि स्टेयरिंग पर बैठा व्यक्ति असल में बस का ड्राइवर नहीं, बल्कि कोई अन्य है। गनीमत रही कि अल्मोड़ा पुलिस के एक सिपाही ने समय रहते बस का पीछा किया और एक बड़े हादसे को होने से रोक लिया।

ADVERTISEMENTS

घटना शनिवार दोपहर की है, जब हल्द्वानी जाने के लिए एक यात्री बस धारानौला स्टैंड पर यात्रियों का इंतजार कर रही थी। बस में पांच यात्री पहले से बैठे हुए थे। यात्री बस के चालक और परिचालक पास ही के एक होटल में खाना खाने चले गए और चाबी बस के अंदर ही छोड़ दी। इसी का फायदा उठाकर भवाली निवासी अब्दुल अमीर खान (28 वर्ष) बस में घुसा और चालक की सीट पर बैठकर बस को तेजी से हल्द्वानी रोड की तरफ दौड़ा दिया।

जैसे ही बस के गायब होने की खबर धारानौला चौकी तक पहुंची, वहां हड़कंप मच गया। हेड कांस्टेबल आसिफ हुसैन ने बिना एक पल गंवाए मोर्चा संभाला। उन्होंने तत्काल परिचालक को अपने साथ लिया और एक निजी वाहन से बस का पीछा करना शुरू किया। संकरी और घुमावदार पहाड़ी सड़कों पर यह ‘फिल्मी चेज’ करीब 2-3 किलोमीटर तक चला। आखिरकार, पुलिस ने कर्बला तिराहे के पास घेराबंदी कर बस को सुरक्षित रुकवा लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अगर बस को रोकने में थोड़ी भी देर होती, तो पहाड़ी रास्तों पर कोई भीषण दुर्घटना घट सकती थी। बस को रुकवाते ही पुलिस ने आरोपी अब्दुल अमीर खान को हिरासत में ले लिया और सभी 5 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। यात्रियों ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई पर चैन की सांस ली और सिपाही की बहादुरी की प्रशंसा की।

आरोपी को पुलिस चौकी धारानौला लाकर कड़ी पूछताछ की गई। इसके बाद उसके परिजनों को सूचना देकर बुलाया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत चालान काटकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की है। मामले को लेकर शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म है। लोगों का कहना है कि युवक का अपराध बहुत बड़ा था, उस पर गंभीर मामलों में मुकदमा दर्ज होना चाहिए।

ADVERTISEMENTS
₹120 के मोबाइल कवर पर SDM का कहर? डिलीवरी बॉय को जेल!

₹120 के मोबाइल कवर पर SDM का कहर?

डिलीवरी बॉय को जेल भेजने का VIDEO हुआ वायरल! पूरी कहानी देखें।

▶ Watch on YouTube
Deepak Manral
Deepak Manralhttp://creativenewsexpress.com
तीन दशकों के करीब का कार्यानुभव रखने वाले दीपक मनराल पत्रकारिता जगत का एक सम्मानित नाम हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1996 में एक त्रैमासिक पत्रिका के सहयोगी संपादक के रूप में की थी। बीते 25 वर्षों में उन्होंने अमर उजाला, दैनिक भास्कर, दैनिक आज, उत्तरांचल दीप और चारधाम टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में 'ब्यूरो प्रमुख' की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाई हैं। वर्तमान में वे 'गंगोत्री अक्षर उजाला पोस्ट' के संपादक हैं और सीएनई (CNE) मीडिया हाउस के संस्थापक व स्वामी के रूप में डिजिटल मीडिया को नई दिशा दे रहे हैं। अपनी निष्पक्ष और ईमानदार पत्रकारिता के लिए पहचाने जाने वाले मनराल आज भी प्रतिदिन 'ग्राउंड ज़ीरो' से जुड़कर सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं।
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments