देहरादून के बाद प्रदेश में दूसरा सेंटर होगा
CNE REPORTER, देहरादून/अल्मोड़ा। विदेशी भाषाएं सीखकर विभिन्न देशों में रोजगार पाने का सपना देखने वाले उत्तराखंड के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य सरकार ने अल्मोड़ा में नया लैंग्वेज ट्रेनिंग सेंटर खोलने की घोषणा की है। यह सेंटर मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के अंतर्गत स्थापित किया जाएगा। वर्तमान में इस योजना के तहत प्रदेश में केवल एक सेंटर संचालित है, जो वर्ष 2023 से देहरादून में चल रहा है। अल्मोड़ा में नया सेंटर खुलने के बाद प्रदेश में ऐसे केंद्रों की संख्या बढ़कर दो हो जाएगी।
शुक्रवार को विधानसभा के बजट सत्र के पांचवें दिन कौशल विकास मंत्री Saurabh Bahuguna ने सदन में सरकार की ओर से यह घोषणा की। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य राज्य के अधिक से अधिक युवाओं को विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण देकर उन्हें वैश्विक स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
2023 से शुरू हुई योजना
राज्य सरकार ने वर्ष 2023 में मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना की शुरुआत की थी। इसके तहत देहरादून में पहला लैंग्वेज ट्रेनिंग सेंटर स्थापित किया गया, जहां युवाओं को विभिन्न विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद युवाओं को विदेशों में नौकरी दिलाने की भी व्यवस्था की जाती है।
मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने विभाग को निर्देश दिए हैं कि ऐसे प्रशिक्षण केंद्रों की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को इस योजना का लाभ मिल सके। इसी दिशा में अब अल्मोड़ा में दूसरा सेंटर खोलने का निर्णय लिया गया है।
प्रशिक्षण बजट में बड़ा इजाफा
योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और अधिक युवाओं को प्रशिक्षण देने के लिए सरकार ने बजट में भी उल्लेखनीय वृद्धि की है। पहले इस योजना के तहत प्रशिक्षण के लिए केवल 75 लाख रुपये का प्रावधान था, जिसे बढ़ाकर अब 3.3 करोड़ रुपये कर दिया गया है।
कौशल विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि मुख्यमंत्री की सकारात्मक सोच के कारण अब अधिक युवाओं को विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण मिलेगा और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
कौशल विकासः व्यवस्था और अवसर
- 147 युवाओं को अब तक विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
- 92 युवाओं को विभिन्न देशों में नौकरी मिल चुकी है।
- 08 से 10 माह का प्रशिक्षण लैंग्वेज सेंटर में दिया जाता है।
- 16 अधिकृत एजेंसियों के माध्यम से प्रशिक्षण संचालित किया जा रहा है।
- 10 युवाओं के लिए सऊदी अरब में नौकरी का प्रस्ताव प्राप्त हुआ है।


