तेज रफ्तार बनी काल
सीएनई रिपोर्टर, हल्द्वानी हल्द्वानी के बेस अस्पताल के पास बीते बृहस्पतिवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। एक तेज रफ्तार पल्सर बाइक ने रिक्शा को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि इस हादसे ने एक युवा रिक्शा चालक की जान ले ली। वहीं, बाइक सवार युवक की हालत भी नाजुक बनी हुई है, जिसका उपचार जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना बृहस्पतिवार रात करीब 10:25 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पल्सर बाइक (संख्या: UK 04 AN 5778) का चालक वाहन को अत्यधिक तेज गति और लापरवाही से चला रहा था। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर रिक्शा से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रिक्शा चालक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से चोटिल हो गया। इस दुर्घटना में बाइक सवार भी लहूलुहान हुआ है।
अस्पताल ले जाते समय हुई मौत
हादसे के तुरंत बाद पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को उपचार हेतु बेस अस्पताल पहुँचाया। रिक्शा चालक नरेश सिंह (25 वर्ष), पुत्र हरीश सिंह, निवासी लाल डांठ, हल्द्वानी की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, बाइक सवार सूरज बिष्ट (25 वर्ष), निवासी मुक्तेश्वर को भी शुक्रवार सुबह बेहतर उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कोतवाली हल्द्वानी परिसर में खड़ा किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त होते ही मामले में अग्रिम कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
रेस्क्यू अभियान में शामिल पुलिस टीम: इस राहत एवं बचाव कार्य में कोतवाली हल्द्वानी से उपनिरीक्षक कृष्ण गिरी, अतिरिक्त उपनिरीक्षक मंहगा राम, कांस्टेबल जगदीश भंडारी, कांस्टेबल मो0 अजहर और कांस्टेबल कमलेश नौला शामिल रहे।


