स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार की मौत, परिवार में कोहराम

0
स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार की मौत
Demo Image : स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार की मौत

सीएनई रिपोर्टर, रामनगर : नेशनल हाईवे 309 पर मंगलवार का दिन एक परिवार के लिए काल बनकर आया। पीरूमदारा चौकी क्षेत्र के अंतर्गत एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।


ADVERTISEMENTS

ओवरटेक करने के प्रयास में हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भवानीपुर खुल्बे निवासी 61 वर्षीय सोहन लाल पुत्र बनारसी लाल मंगलवार सुबह अपनी बाइक पर सवार होकर काशीपुर स्थित एक निजी कंपनी में ड्यूटी के लिए निकले थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही वह एनएच-309 पर नई बस्ती के समीप पहुंचे, काशीपुर की ओर से आ रही एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने सामने चल रहे वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और स्कॉर्पियो ने सोहन लाल की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

टक्कर इतनी भीषण थी कि सोहन लाल सड़क पर दूर जा गिरे और उनके सिर व शरीर पर गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों और सूचना पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन में घायल को रामदत्त जोशी संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल की चौखट तक पहुँचते-पहुँचते काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे की खबर मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। मृतक के बेटे गगन दीप ने बताया कि उनके पिता काशीपुर में एक निजी फैक्ट्री की बस के चालक के रूप में कार्यरत थे और रोजाना की तरह सुबह काम पर निकले थे। घर से निकलने के कुछ ही देर बाद उनकी मौत की खबर ने परिजनों को झकझोर कर रख दिया है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई करते हुए दुर्घटना की जांच शुरू कर दी गई है।

ADVERTISEMENTS
कैंचीधाम की भीड़ ने किया बेहाल!
दिन भर सरकते रहे वाहन
▶ पूरी खबर YouTube पर देखें