HomeUttarakhandAlmoraअल्मोड़ा: गौशाला संचालन में आर्थिक संकट, DM से सहायता की मांग

अल्मोड़ा: गौशाला संचालन में आर्थिक संकट, DM से सहायता की मांग

सीएनई रिपोर्टर, पनुवानौला/अल्मोड़ा| जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम क्षेत्र के समीप संचालित एक गौशाला की गंभीर आर्थिक स्थिति को लेकर प्रशासन से मदद की अपील की गई है। महा मंडलेश्वर लाल बाबा चिरंजीव पीठ, जागेश्वर धाम की ओर से जिलाधिकारी, अल्मोड़ा को एक औपचारिक प्रार्थना पत्र सौंपकर गौशाला के रख-रखाव एवं पशुओं के स्वास्थ्य हेतु सरकारी आर्थिक सहायता प्रदान करने का अनुरोध किया गया है।

ADVERTISEMENTSAd

पत्र के अनुसार, जागेश्वर धाम से लगभग 20 किलोमीटर दयाल क्षेत्र के थली ग्राम पंचायत में स्थित ग्राम एवं पोस्ट थली, तहसील भनोली में यह गौशाला संचालित की जा रही है। इस गौशाला का संचालन हरिश राम पुत्र तारी राम, उपक पहाड़ी छोरा द्वारा किया जा रहा है।

45 से अधिक गायों का हो रहा संरक्षण

गौशाला में वर्तमान में करीब 45 बेसहारा एवं बीमार गायों का पालन-पोषण किया जा रहा है। इन पशुओं के लिए चारा, दवा, देखभाल एवं दैनिक आवश्यकताओं की व्यवस्था पूरी तरह निजी खर्च पर की जा रही है। पत्र में बताया गया है कि प्रतिदिन गायों की संख्या बढ़ रही है, जिससे संचालन लागत लगातार बढ़ती जा रही है।

गौशाला में बुनियादी सुविधाओं का अभाव

प्रार्थना पत्र में उल्लेख है कि गौशाला में गायों के रहने के लिए उपयुक्त स्थान, चारा भंडारण, बीमार पशुओं के उपचार हेतु सुविधाएं एवं संरक्षित ढांचे की भारी कमी है। वर्तमान संसाधनों से पशुओं की उचित देखभाल करना अत्यंत कठिन होता जा रहा है।

आर्थिक संकट से जूझ रहा संचालक

गौशाला संचालक हरिश राम ने पत्र में बताया कि वह आर्थिक रूप से कमजोर स्थिति में हैं और वर्तमान में बेरोजगार भी हैं। सीमित संसाधनों के कारण गौशाला संचालन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रशासन से सरकारी सहयोग की मांग

पत्र के माध्यम से जिलाधिकारी से अनुरोध किया गया है कि सरकारी स्तर पर आर्थिक सहायता, अनुदान एवं पशु स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं ताकि बेसहारा गौवंश को सुरक्षित और स्वस्थ जीवन मिल सके।

इधर स्थानीय सामाजिक संगठनों एवं ग्रामीणों का कहना है कि इस गौशाला द्वारा क्षेत्र में गौ संरक्षण और पशु सेवा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई जा रही है। प्रशासन से अपेक्षा है कि इस मानवीय प्रयास को देखते हुए शीघ्र सरकारी सहयोग प्रदान किया जाएगा।

ADVERTISEMENTS
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments