👉 अल्मोड़ा पहुंचे कुमाऊं कमिश्नर, निरीक्षण किया और जनपद स्तरीय समीक्षा की
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: मंगलवार को अल्मोड़ा भ्रमण पर पहुंचे कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने विकास भवन सभागार में जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक ली। उन्होंने विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। जिला योजना, राज्य योजना तथा केंद्र पोषित योजनाओं की विभागवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा।

बैठक में जनपद में संचालित निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समय-सीमा तथा वित्तीय प्रगति की समीक्षा की गई। आयुक्त ने सड़क सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, लंबित सड़क परियोजनाओं को शीघ्र पूर्ण करने, तथा यातायात सुगमता के लिए प्रस्तावित पार्किंग निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय राजमार्गों से संबंधित कार्यों की प्रगति पर भी विशेष ध्यान देते हुए संबंधित अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने को कहा। मुख्यमंत्री की घोषणाओं की अद्यतन स्थिति की विस्तार से समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि सभी घोषणाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए। आयुक्त ने कहा कि योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग, स्थलीय निरीक्षण एवं विभागों के मध्य बेहतर समन्वय से ही अपेक्षित परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।
पुलिस विभाग की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने अपराध पर अंकुश लगाने तथा लोगों के लिए सुरक्षित और निर्भय वातावरण तैयार करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि नशे और मादक पदार्थों की चेन को तोड़ते हुए जनपद को नशा मुक्त बनाए जाने पर गंभीरता से कार्य किया जाए। कुमाऊं कमिश्नर ने जनपद में संचालित पिंक ई रिक्शा योजना, सखी बाजार, नशा मुक्ति केंद्र, गोवंशों के लिए कन्हावन योजना और शिक्षा स्वयंसेवक योजनाओं जैसी पहलों की सराहना की। बैठक में जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने आयुक्त को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा दिये गये निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने पीपीटी के माध्यम से कुमाऊं कमिश्नर को जनपद में चल रही योजनाओं एवं कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर घोड़के, प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
इससे पूर्व कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने अल्मोड़ा कलेक्ट्रेट का निरीक्षण किया। कलेक्ट्रेट पहुंचने पर जिलाधिकारी अंशुल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा तथा अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने आयुक्त का स्वागत किया। निरीक्षण के दौरान कुमाऊं कमिश्नर ने कलेक्टर कोर्ट में लंबित वादों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मामलों के निस्तारण में किसी भी प्रकार का अनावश्यक विलंब न होने पाए। उन्होंने समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने जिलाधिकारी को कहा कि उनके अधीनस्थ न्यायालयों में चल रहे वादों की नियमित समीक्षा की जाए।

