पदोन्नति और तबादलों को लेकर खोला मोर्चा
सीएनई रिपोर्टर, बागेश्वर। उत्तराखंड लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के मिनिस्ट्रीयल कर्मचारी अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर एक बार फिर आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं। सोमवार को कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में पूर्ण कार्य बहिष्कार करते हुए विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कर्मचारियों की इस हड़ताल से कार्यालय का लिपिकीय कार्य पूरी तरह ठप रहा, जिससे कामकाज पर बुरा असर पड़ा है।
अधिशासी अभियंता (EE) कार्यालय के बाहर एकत्रित हुए कर्मचारियों ने विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। प्रदर्शनकारियों का मुख्य विरोध निम्नलिखित बिंदुओं पर है:
- पारस्परिक स्थानांतरण (Mutual Transfer): समय बीत जाने के बाद भी पारस्परिक तबादलों की प्रक्रिया पूरी नहीं की गई है।
- पदोन्नति सूची (Promotion List): लंबे समय से रुकी हुई पदोन्नति सूची को अब तक जारी नहीं किया गया है।
‘मांगें पूरी नहीं हुई तो आंदोलन होगा और उग्र’
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि वे अपनी लंबित मांगों को लेकर लंबे समय से संघर्षरत हैं। पूर्व में कई बार शासन-प्रशासन को चेतावनी दी गई, लेकिन मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द ही उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो वे अपने आंदोलन को और अधिक उग्र करने के लिए विवश होंगे।
इस विरोध प्रदर्शन और तालाबंदी के दौरान धरम सिंह, आनंद सिंह, अनिल जोशी, नवीन जोशी, महिपाल सिंह, राजेंद्र, रेनुका भैसोड़ा, नवीन दानू और हरीश दानू समेत कई कर्मचारी उपस्थित रहे।

