HomeBreaking Newsनिवेश के नाम पर 6.80 करोड़ की ठगी का पर्दाफाश, दबोचे गए...

निवेश के नाम पर 6.80 करोड़ की ठगी का पर्दाफाश, दबोचे गए मुख्य आरोपी

ADVERTISEMENTS

सहकारिता संस्था की आड़ में बड़ा घोटाला

CNE REPORTER, HALDWANI : अधिक मुनाफे और गारंटी का लालच देकर जनता की गाढ़ी कमाई हड़पने वाले एक बड़े वित्तीय घोटाले का नैनीताल पुलिस ने खुलासा किया है। करीब 6 करोड़ 80 लाख रुपये की ठगी कर फरार चल रहे दो मुख्य आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

इस कार्रवाई के बाद हजारों निवेशकों में न्याय की उम्मीद जगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल ने आमजन से सतर्क रहने की अपील की है।


उल्लेखनीय है कि जनपद नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर लंबे समय से लंबित गंभीर आपराधिक मामलों में तेज और प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी तथा क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी और रामनगर के पर्यवेक्षण में कोतवाली रामनगर पुलिस द्वारा एक विशेष टीम का गठन किया गया।

इस टीम ने कोतवाली रामनगर में दिनांक 13 जून 2023 को पंजीकृत एफआईआर संख्या 246/23, धारा 409 भारतीय दंड संहिता के तहत दर्ज एक बड़े वित्तीय घोटाले का सफल खुलासा किया।

सहकारिता संस्था की आड़ में रची गई ठगी की साजिश

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने वर्ष 2017 में “देवभूमि बहुदेशीय स्वायत्त सहकारिता” नाम से हल्द्वानी (कपिल कॉम्प्लेक्स, मुखानी) और रामनगर में कार्यालय खोले। उत्तराखंड सरकार से पंजीकरण का हवाला देते हुए और अधिक ब्याज व गारंटी का भरोसा दिलाकर अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत, ऊधम सिंह नगर और नैनीताल सहित कई जनपदों के भोले-भाले नागरिकों से भारी निवेश कराया गया।

जांच में यह तथ्य उजागर हुआ कि हजारों निवेशकों से कुल 6 करोड़ 80 लाख रुपये एकत्र किए गए। इस धनराशि को संस्था के संचालक हेमचंद पंत और विकास दुर्गापाल ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर गबन कर लिया और फरार हो गए।

बंद मिलीं शाखाएं, करोड़ों के लेन-देन का खुलासा

जांच के दौरान दोनों शाखाएं बंद पाई गईं। बैंक खातों की जांच में आरोपियों के खातों से करोड़ों रुपये के लेन-देन का खुलासा हुआ। न्यायालय से वारंट और कुर्की आदेश प्राप्त कर पुलिस टीम ने दिल्ली, हरियाणा और लखनऊ में लगातार दबिश दी।

लगातार प्रयासों के बाद दिनांक 4 फरवरी 2026 को पुलिस टीम ने दोनों मुख्य आरोपियों को लालकुआं क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

अन्य मामलों में भी दर्ज हैं मुकदमे

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध अन्य थानों में भी धोखाधड़ी और ठगी के मुकदमे दर्ज हैं। गिरोह में अन्य लोगों की संलिप्तता की संभावना से इनकार नहीं किया गया है। पुलिस द्वारा आगे की जांच जारी है और जल्द ही और गिरफ्तारियां संभव हैं।

आपराधिक इतिहास

आरोपियों के विरुद्ध कुल तीन अभियोग पंजीकृत हैं—

  • कोतवाली रामनगर: एफआईआर संख्या 246/23, धारा 409 भारतीय दंड संहिता
  • थाना मुखानी:
    • अभियोग संख्या 181/25, धारा 420 भारतीय दंड संहिता, 3/21 बड्स अधिनियम, 3 उत्तर प्रदेश निवेशकों के हित संरक्षण अधिनियम
    • अभियोग संख्या 50/23, धारा 420 भारतीय दंड संहिता

गिरफ्तार आरोपी

  1. हेमचंद पंत, पुत्र गोविंद बल्लभ पंत, निवासी हरिपुर नायक, कुसुमखेड़ा, थाना मुखानी, जनपद नैनीताल (उम्र 45 वर्ष)
  2. विकास दुर्गापाल, पुत्र खिमानंद दुर्गापाल, निवासी एसकेएम स्कूल के पास, देहरिया, कोतवाली हल्द्वानी, जनपद नैनीताल (उम्र 41 वर्ष)

आरोपियों के खातों में क्रमशः 2 करोड़ 26 लाख रुपये और 4 करोड़ 58 लाख रुपये की राशि प्राप्त होने की पुष्टि हुई है।

पुलिस टीम को नकद पुरस्कार

इस बड़ी सफलता पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल द्वारा पुलिस टीम को 2500 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

आमजन के लिए सख्त चेतावनी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल ने आमजन से अपील की है कि वे अधिक लाभ के लालच में आकर किसी भी निवेश योजना में धन न लगाएं। किसी भी संस्था में निवेश से पहले उसके पंजीकरण, वैधानिक स्थिति और विश्वसनीयता की स्वयं जांच करें। संदिग्ध गतिविधि या ठगी की सूचना तुरंत पुलिस को दें। नैनीताल पुलिस नागरिकों की सुरक्षा और अपराध के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

ADVERTISEMENTS
Deepak Manral
Deepak Manralhttp://creativenewsexpress.com
तीन दशकों के करीब का कार्यानुभव रखने वाले दीपक मनराल पत्रकारिता जगत का एक सम्मानित नाम हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1996 में एक त्रैमासिक पत्रिका के सहयोगी संपादक के रूप में की थी। बीते 25 वर्षों में उन्होंने अमर उजाला, दैनिक भास्कर, दैनिक आज, उत्तरांचल दीप और चारधाम टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में 'ब्यूरो प्रमुख' की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाई हैं। वर्तमान में वे 'गंगोत्री अक्षर उजाला पोस्ट' के संपादक हैं और सीएनई (CNE) मीडिया हाउस के संस्थापक व स्वामी के रूप में डिजिटल मीडिया को नई दिशा दे रहे हैं। अपनी निष्पक्ष और ईमानदार पत्रकारिता के लिए पहचाने जाने वाले मनराल आज भी प्रतिदिन 'ग्राउंड ज़ीरो' से जुड़कर सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं।
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments