HomeUttarakhandAlmoraरेडक्रॉस उत्तराखंड राज्य कार्यालय पर ताला, मानवता की सेवा ठप

रेडक्रॉस उत्तराखंड राज्य कार्यालय पर ताला, मानवता की सेवा ठप

अल्मोड़ा रेडक्रॉस ने राज्यपाल से की सीधी हस्तक्षेप की मांग

CNE REPORTER, अल्मोड़ा। भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी उत्तराखंड राज्य शाखा कार्यालय को सील किए जाने से पूरे प्रदेश में रेडक्रॉस की मानवीय गतिविधियां ठप हो गई हैं। इस गंभीर स्थिति के विरोध में भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी जिला शाखा अल्मोड़ा के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने जिलाधिकारी अल्मोड़ा के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर राज्य शाखा कार्यालय को तत्काल खोलने और वैधानिक रूप से कार्य बहाल करने की स्पष्ट मांग की है।

ADVERTISEMENTSAd Ad
रेडक्रॉस
रेडक्रॉस

ज्ञापन में कहा गया है कि रेडक्रॉस सोसाइटी अधिनियम 1920 एवं शाखा समिति नियम–2017 के तहत दिसंबर 2025 में उत्तराखंड राज्य शाखा समिति का विधिवत गठन किया गया था। इसके पश्चात राज्य शाखा कार्यालय से सभी प्रशासनिक, राहत एवं सेवा संबंधी कार्य नियमित रूप से संचालित हो रहे थे।

लेकिन 22 जनवरी 2026 को अचानक भारतीय न्याय संहिता की धारा 164/165 के अंतर्गत राज्य शाखा कार्यालय को सील कर दिया गया, जिससे न केवल राज्य स्तर बल्कि समस्त जिला शाखाओं का कार्य पूरी तरह बाधित हो गया।

मुख्य मांग: राज्य शाखा कार्यालय तुरंत खोला जाए

ज्ञापन में स्पष्ट रूप से मांग की गई है कि राज्यपाल, रेडक्रॉस राज्य शाखा के अध्यक्ष होने के नाते हस्तक्षेप करें और उत्तराखंड राज्य शाखा कार्यालय को तत्काल यथावत रूप से खुलवाएं, ताकि वर्तमान वैधानिक राज्य कार्यकारिणी के माध्यम से रेडक्रॉस के समस्त कार्यों का संचालन फिर से शुरू हो सके।

रेडक्रॉस अल्मोड़ा का कहना है कि कार्यालय पर ताला लगने से राहत कार्य, आपदा प्रबंधन, रक्तदान समन्वय, स्वास्थ्य सेवाएं और मानवता से जुड़े कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। इससे संस्था की साख को भी गंभीर क्षति पहुंच रही है।

कर्मचारियों को वेतन नहीं, सेवा कार्य ठप

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि कार्यालय सील होने के कारण कार्यरत कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल पा रहा है, जिससे संगठनात्मक ढांचा कमजोर हो रहा है। रेडक्रॉस जैसी सेवा संस्था का इस प्रकार निष्क्रिय होना जनहित के लिए घातक बताया गया है।

जिला शाखाओं की बैठक की भी मांग

इसके साथ ही मांग की गई है कि समस्त जिला शाखाओं को फरवरी 2026 के प्रथम अथवा द्वितीय सप्ताह में बैठक हेतु समय दिया जाए, ताकि प्रदेशभर में रेडक्रॉस की गतिविधियों को पुनः व्यवस्थित और सशक्त किया जा सके।

रेडक्रॉस अल्मोड़ा के सदस्यों ने चेताया है कि यदि शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो मानवीय सहायता से जुड़े कार्यों पर इसका सीधा और गंभीर प्रभाव पड़ेगा। संगठन ने आशा व्यक्त की है कि राज्यपाल स्तर से हस्तक्षेप कर इस संवेदनशील मुद्दे का तत्काल समाधान किया जाएगा।

जिलाधिकारी को ज्ञापन देने वालों में रेडक्रास अल्मोड़ा अध्यक्ष आशीष वर्मा, कोषाध्यक्ष रेडक्रॉस दीप जोशी, डॉक्टर जेसी दुर्गापाल, युवा रेडक्रॉस अध्यक्ष एवं पार्षद अमित शाह मोनू, पार्षद अभिषेक जोशी, कृष्ण बहादुर सिंह, अनूप साह, रीता दुर्गापाल, पुष्पा सती, मीता उपाध्याय आदि शामिल रहे।

ADVERTISEMENTS
Deepak Manral
Deepak Manralhttp://creativenewsexpress.com
तीन दशकों के करीब का कार्यानुभव रखने वाले दीपक मनराल पत्रकारिता जगत का एक सम्मानित नाम हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1996 में एक त्रैमासिक पत्रिका के सहयोगी संपादक के रूप में की थी। बीते 25 वर्षों में उन्होंने अमर उजाला, दैनिक भास्कर, दैनिक आज, उत्तरांचल दीप और चारधाम टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में 'ब्यूरो प्रमुख' की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाई हैं। वर्तमान में वे 'गंगोत्री अक्षर उजाला पोस्ट' के संपादक हैं और सीएनई (CNE) मीडिया हाउस के संस्थापक व स्वामी के रूप में डिजिटल मीडिया को नई दिशा दे रहे हैं। अपनी निष्पक्ष और ईमानदार पत्रकारिता के लिए पहचाने जाने वाले मनराल आज भी प्रतिदिन 'ग्राउंड ज़ीरो' से जुड़कर सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं।
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments