उत्तराखंड से झारखंड तक फैला था जाल
राधिका ज्वेलर्स की दीवार काटकर उड़ाया था खजाना
CNE REPORTER, हल्द्वानी (नैनीताल): मुखानी थाना क्षेत्र में प्रसिद्ध ‘राधिका ज्वेलर्स’ की दुकान में दीवार फांदकर हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। आरोपियों के कब्जे से लगभग 22 लाख रुपये मूल्य के सोने और चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने गहन छानबीन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इस अंतरराज्यीय/अंतरराष्ट्रीय गिरोह के 4 सदस्यों को नेपाल सीमा के समीप बनबसा (चंपावत) से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल (SSP Nainital) ने इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस टीम को 2,500 रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।
घटना का संक्षिप्त विवरण और पुलिस कार्रवाई
मामले के अनुसार, 21 दिसंबर 2025 को इको टाउन फेज 1 निवासी नवनीत शर्मा ने थाना मुखानी में तहरीर दी थी कि अज्ञात चोरों ने पड़ोसी की दुकान की दीवार तोड़कर उनकी दुकान ‘राधिका ज्वेलर्स’ से भारी मात्रा में जेवरात और नकदी साफ कर दी है। पुलिस ने इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(A) और 331(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टी.सी. द्वारा पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी श्री मनोज कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी श्री अमित कुमार के नेतृत्व में विभिन्न टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक संदिग्ध बोलेरो वाहन (UP31AU-5867) दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस टीमों ने उत्तर प्रदेश, दिल्ली, महाराष्ट्र और झारखंड सहित कई राज्यों में दबिश दी।
आरोपियों की गिरफ्तारी और बरामदगी
4 जनवरी 2026 की सुबह पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नेपाल बॉर्डर के पास से गिरोह के सरगना सहित चार लोगों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों में बसंत खत्री (नेपाल), तनवीर अहमद (मुंबई), इमरान शेख और मकसूद शेख (दोनों झारखंड निवासी) शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से 54 ग्राम सोने के आभूषण (कीमत लगभग 6.50 लाख रुपये) और 7.245 किलोग्राम चांदी (कीमत लगभग 15.50 लाख रुपये) के साथ ही चोरी में प्रयुक्त बोलेरो गाड़ी भी जब्त की है। गिरोह के मास्टरमाइंड मकसूद शेख के खिलाफ पूर्व में रांची और सूरत में भी चोरी के मुकदमे दर्ज हैं।
जाँच एवं सफल अनावरण करने वाली पुलिस टीम
इस महत्वपूर्ण खुलासे में शामिल टीम में निरीक्षक हरपाल सिंह (प्रभारी निरीक्षक चोरगलिया), उप निरीक्षक सुशील चंद जोशी (थानाध्यक्ष मुखानी), उप निरीक्षक जगदीप सिंह नेगी (थानाध्यक्ष मुक्तीश्वर), उप निरीक्षक राजेश जोशी (प्रभारी स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप), वरिष्ठ उप निरीक्षक रोहताश सागर (कोतवाली हल्द्वानी), वरिष्ठ उप निरीक्षक गगनदीप सिंह (कोतवाली बनभूलपुरा), उप निरीक्षक गौरव जोशी (चौकी प्रभारी मंगल पड़ाव), उप निरीक्षक वीरेंद्र चंद्र (चौकी प्रभारी आरटीओ रोड), उप निरीक्षक अविनाश मौर्य (चौकी प्रभारी आम्रपाली), उप निरीक्षक मोहन सिंह सौन (प्रभारी चौकी ओखलकांडा), उप निरीक्षक नरेंद्र कुमार (चौकी प्रभारी लामाचौड़), अपर उप निरीक्षक मंजीत सिंह, हेड कांस्टेबल त्रिलोक रौतेला, हेड कांस्टेबल इसरार नबी, कांस्टेबल धीरज सुगड़ा, कांस्टेबल सुनील आगरी, कांस्टेबल रविंद्र खाती, कांस्टेबल अरुण राठौर, कांस्टेबल भूपेंद्र ज्येष्ठा, कांस्टेबल तारा सिंह राणा, कांस्टेबल रोहित कुमार, कांस्टेबल दिनेश नगरकोटी, कांस्टेबल राजेश बिष्ट, कांस्टेबल अरविंद बिष्ट, कांस्टेबल संतोष सिंह और कांस्टेबल अनिल गिरी शामिल रहे।


