👉 जिला पंचायत अध्यक्ष बोलीं- दलगत राजनीति से हटकर सभी सदस्यों को मिलेगा उचित सम्मान
👉 विकास कार्य होंगे और पंचायत की आय बढ़ाने की कार्ययोजना पर होगा अमल
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा ने कहा है कि दलगत राजनीति से हटकर सभी जिला पंचायत सदस्यों को उचित सम्मान देकर जिले में विकास कार्यों को अंजाम दिया जाएगा और सामूहिक प्रयासों से अल्मोड़ा की जिला पंचायत को आदर्श जिला पंचायत बनाया जाएगा। इसके साथ ही जिला पंचायत की आय बढ़ाने के लिए कई कार्यों को अंजाम देने की बात कही है।
आज शुक्रवार को चौघानपाटा स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा ने जनपदवासियों को “दीपावली” की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान बातचीत में जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा ने कहा कि जिले में जिला पंचायत की परिसम्पतियों, भवनों, भूमि को अतिक्रमण से बचाने के लिए चहारदीवारी करते हुए रखरखाव किया जाएगा। उन्होंने कहा कि डाक बंगलों समेत हवालबाग, भिकियासैंण, द्वाराहाट एवं चौघानपाटा स्थित जिला पंचायत के आवासीय परिसरों व गैराजों का जीर्णोद्वार करते हुए जिला पंचायत की आय में वृद्धि करने का प्रयास जायेगा। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों से लाईसेंस, कर, विभव कर, यूजर चार्ज से जिला पंचायत को प्राप्त होने वाली आय में निरन्तर वृद्धि करने का निरन्तर प्रयास किया जायेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान के अन्तर्गत प्रत्येक विकासखंडों के बाजारों में नियमित सफाई के उददेश्य से स्वच्छकों की तैनाती की गयी हैं। स्वच्छता के उद्देश्य से ही वर्तमान में जिला पंचायत की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों की मुख्य बाजारों सोमेश्वर, मासी, देघाट, बग्वालीपोखर, दन्या, जागेश्वर में ई-रिक्शा कूड़ा वाहन दिये हैं, जो नियमित रूप से बाजारों का कूड़ा उठा रहे हैं। इसके अतिरिक्त जनपद अल्मोड़ा के 11 विकासखंडों में सप्ताहवार निर्धारित दिनों में दो कूड़ा वाहनों से अवशिष्ट निस्तारण का कार्य नियमित रूप से किया जा रहा हैं।
गैड़ा ने बताया कि स्वच्छ भारत अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में स्वजल विभाग द्वारा प्लास्टिक अपशिष्ट निस्तारण के लिये प्रत्येक ब्लाक में काम्पेक्टर शेड का निर्माण किया जा रहा हैं। वर्तमान में आठ ब्लाकों हवालबाग, धौलादेवी, द्वाराहाट, भिकियासैंण, स्याल्दे, लमगड़ा, ताड़ीखेत, भैसियाछाना में काम्पेक्टर मशीनें गतिमान हैं। वर्तमान में जिला पंचायत द्वारा 8.5 टन प्लास्टिक अपशिष्ट के वेल्स तैयार कर रिसाईकिलिंग के लिए उधमसिंहनगर भेजी गयी है। पोखरखाली स्थित जिला पंचायत भूमि पर बारातघर का निर्माण करवाकर पंचायत की आय में वृद्धि की जाएगी। जिला पंचायत की आय बढ़ाने के उददेश्य से उपविधियों, उपनियमों को तैयार कर सृजन किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त ग्रामीण क्षेत्रान्नर्गत निर्माणाधीन व्यावसायिक भवनों के नक्शे स्वीकृत करने की उपविधि भी तैयार की जा रही है।
ग्रामीण क्षेत्रों के चौमुखी विकास के लिये राज्य वित्त आयोग, 15वां वित्त आयोग से प्राप्त अनुदानों से सम्पर्क मार्ग, पुलिया निर्माण, जल संरक्षण कार्य, फील्ड निर्माण, पेयजल योजना, सार्व० शौचालय, जनमिलन केन्द्रों, बारातघर निर्माण, सार्वजनिक स्थलों में सौर उर्जा लगाने व जिपं की परिसम्पतियों का रखरखाव की कार्य योजना तैयार की जा रही है। वहीं सदस्यों की मांग को ध्यान में रखते हुए सभी जिला पंचायत क्षेत्रों में निरन्तर विकास कार्य करने का पूरा प्रयास किया जाएगा। दैवीय आपदा, स्पेशल कम्पोनेन्ट, विधायक निधि, सांसद निधि आदि से प्राप्त अनुदान से कार्यदाई संस्था के रूप में ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्य सम्पादित किये जा रहे हैं। इस दौरान जागेश्वर के विधायक मोहन सिंह महरा भी मौजूद रहे।


