सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: जिलांतर्गत पुलिस ने रविवार तड़के गांजे की बड़ी खेप पकड़ी है। जिसकी कीमत 13 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। पुलिस ने आधे कुंतल से अधिक गांजा बरामद किया है। मगर गांजा तस्कर पुलिस को चकमा देकर चंपत हो गया और पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका।
मामला भतरौंजखान थानाक्षेत्र का है। दरअसल, भिकियासैंण पुलिस चौकी के प्रभारी संजय जोशी पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम के साथ तड़के रामनगर रोड में चेकिंग पर निकले थे, इसी बीच पीलीकोटी के पास चेकिंग के दौरान स्विप्ट कार संख्या DL 5CF 9911 को रुकने का इशारा किया, तो कार चालक तेजी से कार भगा ले गया, तो पुलिस का शक बढ़ गया। इस पर पुलिस टीम ने कार का पीछा किया। इसके बाद कार चालक छोटी घट्टी तिराहे से करीब 100 मीटर पहले कार को छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस ने कार की तलाशी ली। तो कार में रखे 04 कट्टों में कुल 54.378 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। इस पर फरार कार चालक के विरुद्ध थाना भतरौजखान में एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर पंजीकृत की गई। अब पुलिस फरार कार चालक को गिरफ्तार करने के प्रयास लगी है। पुलिस ने बताया कि बरामद गांजे की कीमत 13,59,450 रुपये है। पुलिस टीम में उप निरीक्षक संजय जोशी, हेड कांस्टेबल आनन्द त्रिपाठी व नारायण सिंह व कांस्टेबल गणेश दत्त शामिल रहे।

