👉 अल्मोड़ा से हरी झंडी दिखाकर शहीद सम्मान यात्रा को किया रवाना
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: यहां चौघानपाटा से आज शहीद सम्मान यात्रा को केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा तथा जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने शहीदों को पुष्पांजलि देते हुए उन्हें नमन किया तथा कहा कि देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वालों को हमेशा याद रखा जाएगा।

केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में केंद्र तथा राज्य सरकारें मिलकर सैनिकों के कल्याण के लिए लगातार प्रयासरत हैं। देहरादून का सैन्य धाम उनके सम्मान का प्रमुख उदाहरण है। शहीद सम्मान यात्रा 2.0 के तहत अल्मोड़ा के चार शहीदों के घरों से कलश में मिट्टी को भरकर देहरादून स्थित शहीद स्मारक पर पहुंचाया जाएगा। यहां से यह कलश लैंसडाउन तक जाएंगे। उसके बाद एकत्रित होकर देहरादून स्थित सैन्यधाम जाएंगे। शहीदों में शहीद हवलदार नंदन सिंह अधिकारी, शहीद सिपाही बृजेश रौतेला, शहीद हवलदार राजेंद्र सिंह तथा शहीद सिपाही हिमांशु शामिल हैं।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल विजय मनराल (से.नि.) ने बताया कि पूर्व में शहीद सम्मान यात्रा वर्ष 2021 में निकाली गई थी, जिसमें अल्मोड़ा जनपद के 159 शहीद सैनिकों के आंगन से पावन मिटटी तथा अल्मोड़ा की जीवनदायिनी कोसी, सुयाल तथा रामगंगा आदि प्रमुख नदियों का पावन जल संग्रहण कर कलश के माध्यम से सैन्यधाम भेजा गया था। प्रदेश की राजधानी देहरादून के गुनियालगांव में उत्तराखण्ड के पांचवें धाम के रुप में सैन्यधाम में अमर ज्योति का निर्माण कार्य विगत 03 जुलाई 2023 को प्रारम्भ हुआ था, जो वर्तमान में सैन्यधाम के रूप में जाना जाता है। इसी क्रम में आज शहीद सम्मान यात्रा 2.0 के तहत जनपद के चार शहीद सैनिकों के घर के आंगन से पावन मिटटी को कलश में संग्रहित कर सैन्य धाम हेतु रवाना किया गया है। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्षा हेमा गैड़ा सहित अन्य अधिकारी तथा जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


