👉 अल्मोड़ा में विभिन्न संगठनों के लोगों ने गांधी पार्क में धरना देकर सभा की
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: मसूरी व मुजफ्फरनगर काण्ड के शहीदों को श्रद्धांजलि देने तथा दोषियों को दण्डित करने की मांग को लेकर बुधवार को विभिन्न जन संगठनों व राजनैतिक दलों के लोग गांधी पार्क अल्मोड़ा में जुटे और उन्होंने धरना देते हुए सभा की। तय किया गया कि सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी के विरोध में 3 अक्टूबर को सायं 5:30 बजे कैंडिल मार्च निकाला जाएगा।
धरने के दौरान हुई सभा में वक्ताओं ने प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, खनन कारोबार तथा लद्दाख में पृथक राज्य की मांग को लेकर संघर्षरत वैज्ञानिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा की। तय किया कि 3 अक्टूबर को सांय 5:30 बजे इस गिरफ्तारी के विरोध में नगर में कैंडिल मार्च निकाला जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के अध्यक्ष पीसी तिवारी ने कहा कि देश व प्रदेश की सरकारें पूंजीपतियों का हित साधने में लगी हैं और जनसमस्याओं की अनदेखी व अनसुनी हो रही है। उत्तराखण्ड ठेकेदारी व्यवस्था पर चल रहा है और जनता की आवाज उठाने पर देशद्रोह जैसे मुकदमे लगाए जा रहे हैं। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
उत्तराखण्ड लोक वाहिनी के नेता जगत रौतेला ने कहा कि देश विश्व की चौथी अर्थव्यवस्था है, लेकिन डेढ़ वर्ष से अल्मोड़ा–बागेश्वर–पिथौरागढ़ मार्ग का पुनर्निर्माण नहीं करा पा रही है। वहीं, लद्दाख में सोनम वांगचुक जैसे देशभक्त को राज्य की मांग करने पर देशद्रोह का आरोपी बनाकर जेल भेजा गया है।उकांद के गिरीश नाथ गोस्वामी ने कहा कि सत्ताधारी पार्टी सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी कर लोकतांत्रिक आवाज दबाने का काम कर रही है। दयाकृष्ण काण्डपाल ने कहा कि जब तक उत्तराखण्ड की स्थायी राजधानी गैरसैंण नहीं बनती, तब तक राज्य की मूल अवधारणा अधूरी रहेगी। सभा को जीवन चन्द्र, रमेश जोशी, अजयमित्र बिष्ट, नारायण राम व विनोद तिवारी आदि ने भी संबोधित किया। इस मौके पर मुजफ्फरनगर काण्ड के शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई और इस कांड के दोषियों को दण्डित करने की पुरजोर मांग की गई। नारेबाजी भी की गई। कार्यक्रम का संचालन पीसी तिवारी व नारायण राम ने संयुक्त रूप से किया। धरना व सभा में दीपांशु पाण्डे, सोनी मेहता, सीता चम्याल, किरन आर्या, कौस्तुभानन्द भट्ट, एड. भारती, राजेन्द्र रावत, मोहम्मद साकिब, राजू गिरी गोस्वामी, पान सिंह बिष्ट, ममता बिष्ट सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

