👉 टीबी के मुफ्त इलाज की जानकारी दी, तिलौरा में हुआ कई लोगों का परीक्षण
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: जिला मुख्यालय के निकटवर्ती ब्लाक हवालबाग के ग्राम भाटनयालजूला में स्वास्थ्य महकमे की टीम ने राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम को लेकर लोगों को जागरूक किया। वहीं कैंप लगाकर टीबी रोग के लक्षण समझाते हुए टीबी के मुफ्त इलाज की जानकारी दी और भारत को टीबी मुक्त करने में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

टीम लीडर वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक आनंद मेहता ने ग्रामीणों को टीबी रोग के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सभी सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में इस बीमारी के जांच और मुफ्त इलाज उपलब्ध है। यह भी बताया कि सरकार टीबी मरीजों को निक्षय पोषण योजना के तहत 1000 रुपए प्रति माह की आर्थिक सहायता भी दे रही है। उन्होंने बताया कि टीबी के प्रमुख लक्षणों में दो सप्ताह से अधिक खांसी, खून के साथ खांसी, लंबे समय तक बुखार, रात में पसीना आना, वजन घटना और भूख कम लगना शामिल हैं।
इस जागरूकता अभियान के तहत ‘टीबी हारेगा–देश जीतेगा’ का संदेश फैलाया गया। इस दौरान आयुष्मान आरोग्य मंदिर तिलौरा में सीएचओ लता बिष्ट ने गर्भवती महिलाओं को समय पर जांच और विशेषज्ञ महिला चिकित्सक की सलाह लेने के लिए जागरूक किया। उन्होंने 52 लोगों का टीबी स्क्रीनिंग, 13 का शुगर, 36 लोगों का ब्लड प्रेशर की जांच की जबकि 19 लोगों का संभावित बलगम परीक्षण निःशुल्क किया गया।

