👉 दशहरे तक पर्यटकों के लिए खुलेगा मल्ला महल, पर्यटन सचिव ने दिए निर्देश
👉 धीराज सिंह गर्ब्याल ने सर्किट हाउस से मल्ला महल तक पैदल भ्रमण
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा की मुख्य बाजार का सौंदर्यीकरण होगा और पानी व बिजली की लाइनें अंडरग्राउंड होंगी। दूसरी ओर मल्ला महल को दशहरे से पर्यटकों के लिए खोलने के प्रयास होंगे।
दरअसल, उत्तराखंड पर्यटन विभाग के सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल अल्मोड़ा पहुंचे और उन्होंने सोमवार को मेयर अजय वर्मा व सीडीओ रामजी शरण शर्मा के साथ सर्किट हाउस के लेकर मल्ला महल तक पैदल भ्रमण करते हुए मौजूदा स्थिति देखी और अवस्थापना सुविधाओं व संभावनआों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि मानसखंड मंदिरमाला मिशन से मंदिरों के विकास के साथ ही अवस्थापना सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि बाज़ार के सौंदर्यीकरण का कार्य तेज़ी से हो और बिजली व पानी की लाइनों को भूमिगत किया जाए। पर्यटन सचिव बोले की शासन का लक्ष्य अल्मोड़ा की सांस्कृतिक धरोहर को एक मॉडल के रूप में संजोना है। इसलिए यहां की बाज़ार को आदर्श सांस्कृतिक पहचान के रूप में विकसित किया जाना है।
निरीक्षण के दौरान पर्यटन सचिव ने मल्ला महल के विकास कार्य के लिए शीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए और कहा कि दशहरे तक इसे पर्यटकों के लिए खोला जाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने मल्ला महल में कैफेटेरिया एवं लाइट एंड साउंड शो को तत्काल प्रारम्भ करने तथा सीसीटीवी लगाने का कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। मल्ला महल में नियमित सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने को कहा। जिला पर्यटन विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि अल्मोड़ा में पर्यटन के विकास से संबंधित प्रस्ताव जल्द तैयार कर प्रेषित करें। यह भी कहा कि विकास कार्य में बजट की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी।
निरीक्षण से पहले पर्यटन सचिव गर्ब्याल ने सर्किट हाउस में विभागीय बैठक लेकर मानसखंड मंदिरमाला मिशन की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मिशन के अंतर्गत कुमाऊं के मंदिरों का सौंदर्यीकरण एवं बुनियादी सुविधाओं का विकास तेजी से किया जा रहा है। पर्यटन सुविधाओं का विस्तार कर रोजगार के नए अवसर सृजित किए जाएंगे। बाद में उन्होंने नंदादेवी मंदिर का भी स्थलीय निरीक्षण किया और मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण संबंधी दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार ज्योति नपलच्याल, जिला पर्यटन विकास अधिकारी प्रकाश खत्री, संस्कृति विभाग से जन्मेजय तिवारी, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, रमेश बहुगुणा, होटल एसोसिएशन अध्यक्ष अरुण वर्मा, जयमित्र सिंह बिष्ट सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं नगर के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

