— दीपक पाठक —
बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिला चिकित्सालय ने चिकित्सा के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि हासिल की है। यहां पहली बार लिंग कैंसर (Penile Cancer) का एक सफल और जटिल ऑपरेशन किया गया है। इस ऑपरेशन को सर्जन डॉ. विदित पांडे और उनकी कुशल टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया है। इस उपलब्धि के लिए अस्पताल प्रशासन के साथ-साथ स्थानीय लोगों ने भी टीम की जमकर सराहना की है।
क्या था मामला?
जौलकांडे क्षेत्र के रहने वाले 45 वर्षीय बसंत राम पिछले तीन महीनों से अपने लिंग में घाव और सूजन की समस्या से परेशान थे। वह इलाज के लिए लगातार जिला अस्पताल आ रहे थे। जांच के बाद सर्जन डॉ. विदित पांडे ने उन्हें लिंग कैंसर से पीड़ित बताया और तुरंत ऑपरेशन की सलाह दी।
बागेश्वर में लिंग कैंसर का ऑपरेशन
रोगी की सहमति के बाद, 17 जुलाई को बसंत राम का सफल ऑपरेशन किया गया। डॉ. पांडे ने बताया कि यह सर्जरी काफी जटिल होती है, जिसे पेनेक्टमी एंड उरेथरोस्टामी (Penectomy and Urethrostomy) कहा जाता है। इसमें पेशाब के लिए एक नया रास्ता बनाना पड़ता है। मरीज को पहले से हृदय में ब्रांच ब्लॉक की समस्या भी थी, जिस वजह से यह एनेस्थीसिया के लिहाज से भी जोखिम भरा ऑपरेशन था। हालांकि, निश्चेतक डॉ. अरुण ने अपनी कुशलता से इस चुनौती को भी पार कर लिया।
ऑपरेशन के बाद, मरीज अब पूरी तरह से स्वस्थ है और उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। डॉ. पांडे ने बताया कि लिंग कैंसर के इलाज के लिए सर्जरी ही सबसे प्रभावी तरीका है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इससे पहले भी वे जिला अस्पताल में स्तन कैंसर और त्वचा कैंसर के सफल ऑपरेशन कर चुके हैं।
इस महत्वपूर्ण ऑपरेशन को सफल बनाने वाली टीम में डॉ. उपासना, स्टाफ नर्स तरुना, नेहा, और जगदीश जैसे नाम शामिल थे। इस सफलता ने जिला अस्पताल की क्षमताओं पर लोगों का विश्वास और भी मजबूत कर दिया है।

