👉 अतिक्रमणकारियों ने विरोध जताया, बहस की, मगर टीम ने अपनाया सख्त रुख
👉 जो निर्माण अतिक्रमण के दायरे में आएगा, वह तोड़ा जाएगा: सहायक नगर आयुक्त
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: नगर निगम अतिक्रमण को लेकर गंभीर हो गया है। मंगलवार को नगर निगम की टीम सहायक नगर आयुक्त लक्ष्मण सिंह भंडारी के नेतृत्व में नगर के राजपुर भ्यारखोला में पहुंची और अतिक्रमण तुड़वा दिया। इस दौरान लोगों ने विरोध किया और बहस हुई।

उल्लेखनीय है कि नगर की सड़कों, मार्गों व नालियां अतिक्रमण की चपेट में आ चुकी हैं। विभिन्न मोहल्लों में लोगों ने अपनी जमीन से बाहर जाकर रास्तों, सड़कों व नालियों में अतिक्रमण किया है। जिससे कई दिक्कतें पैदा हो गई हैं। सड़कें व रास्ते सिकुड़ चुके हैं, नालियां चोक हो रही है और पानी की निकासी बाधित हो रही है। इसी अतिक्रमण को लेकर नगर निगम अब सख्त रूख अपना रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को नगर निगम की टीम राजपुर भ्यारखोला पहुंची, जहां अतिक्रमण तुड़वाकर हटाया गया। इस दौरान लोगों ने विरोध भी जताया, जिससे काफी बहस भी हुई। मगर टीम ने अतिक्रमण हटाया। सहायक नगर आयुक्त लक्ष्मण सिंह भंडारी ने स्पष्ट रुप से कहा कि जो भी निर्माण अतिक्रमण के दायरे में आएगा, उसे हटाया जाएगा। उन्होंने अतिक्रमणकारियों को हिदायत दी कि वे अपनी ही जमीन पर निर्माण कार्य करें। नगर निगम की टीम में जेई मिनीका टाकुली, कर निरीक्षक धीरज कांडपाल, पवन पांडे, हर्ष अग्रवाल, मनोज मिश्रा, बसंत बल्लभ पाण्डे, संजय, कैलाश, रविन्द्र व आकाश आदि कर्मचारी शामिल रहे।

