देर रात चला रेस्क्यू ऑपरेशन
पुलस टीम ने जान पर खेल बचाई 10 जिंदगियां
सीएनई रिपोर्टर, हल्द्वानी। जागेश्वर से लौट रहे उत्तर प्रदेश के श्रद्धालुओं की स्कार्पियो चोरगलिया क्षेत्र अंतर्गत शेरनाला में अचानक आए पानी के तेज बहाव में फंस कर पलट गई। जिसके बाद यात्रियों में चीख—पुकार मच गई। इस बीच सूचना मिलने पर थाना पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने अपनी जान पर खेल रेस्क्यू अभियान चलाया और पानी के तेज बहाव में फंसे सभी 10 लोगों को सुरक्षित नाले से बाहर निकाल लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को पीलभीत, उत्तर प्रदेश से 10 यात्री स्कार्पियो वाहन संख्या UK18 F 2000 से अल्मोड़ा के जागेश्वर धाम गए। वहां से लौटने में उन्हें काफी देर हो गई। रात करीब 12 बजे चोरगलिया जंगल क्षेत्र में पहुंचे तो नाले पर हल्का पानी बह रहा था। जैसे ही वाहन ने नाला पार करने का प्रयास किया, अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और उनका वाहन बहकर पलट गया।
इस बीच सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष चोरगलिया राजेश जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। त्वरित कार्यवाही और सूझबूझ के चलते सभी 10 व्यक्तियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। इस दौरान कार सवार अमन कश्यप, चालक राहुल कश्यप, टीटू दिवाकर, मनीष लोधी, रमेश चन्द्र, चन्द्र सैन, अंकित कटियार, करन लोधी, रोहित कश्यप और अभिमन्यु का सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर लिया गया। यह सभी व्यक्ति पीलभीत, उत्तर प्रदेश के निवासी हैं। इन सभी लोगों ने उन्हें एक नया जीवन देने पर पुलिस का आभार जताया है।
रेस्क्यू टीम उमें थानाध्यक्ष चोरगलिया राजेश जोशी, हेड कांस्टेबल जगदीश सिंह, कांस्टेबल अकुंश चन्याल, मो. नाजिर, चालक दिनेश लाल व दिनेश सिंह शामिल थे। इधर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल प्रहलाद नारायण मीणा द्वारा पुलिस टीम की तत्परता, साहस एवं समर्पण भावना की सराहना की गई है।


