पूरी लगन से प्रशिक्षण का लाभ उठाएं कार्मिक
सीएनई रिपोर्टर, बागेश्वर। जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी तथा शांतिपूर्ण संपन्न कराएंगे। मतदान कार्मिकों को इसके लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वह पूरी लगन से प्रशिक्षण का लाभ उठाएं। शंका होने पर उसका मौके पर समाधान कराएं।
गुरुवार को बीडी पांडे कैंपस परिसर में 24 जुलाई को होने वाले मतदान के लिए कार्मिकों को दो पालियों में प्रशिक्षण दिया गया। जिसमें 170 मतदान पार्टियों के 650 कार्मिको सहित छह जोनल मजिस्ट्रेट तथा 23 सेक्टर मजिस्ट्रेट शामिल हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष भटगांई ने उन्हें कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने तथा मतदान की गोपनीयता बनाए रखने के निर्देश दिए। कहा कि कार्मिक प्रशिक्षण को गंभीरता से लेंगे। हस्त पुस्तिका का अच्छे से अध्ययन करेंगे।
शंकाओं का यथासमय समाधान मास्टर ट्रेनरों से कराएंगे। उन्होंने पीठासीन अधिकारियों को मतदान पार्टियों की रवानगी के समय मतदान सामग्री को चेक लिस्ट से मिलान करने के निर्देश दिए।
मतपेटी स्थापना से लेकर सील करना तक सिखाया
मास्टर ट्रेनर डा. राजीव जोशी, दीप चंद्र जोशी तथा हरीश रावल ने मतदान कार्मिकों को मतपत्र तथा मतपेटी के संचालन के लिए व्यवहारिक एवं सैद्धांतिक प्रशिक्षण दिया।
जिसमें मतदान केंद्र में मतपेटी की स्थापना, मतपेटी को खोलना, बंद करना, सीलिंग करना, मतपत्र को फोल्ड करने के साथ ही मतदान समाप्ति के बाद मतपेटी को सील करना, सुरक्षित रूप से स्ट्रॉाग रूम तक पहुंचाने का प्रशिक्षण शामिल था।
इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी आरसी तिवारी, नोडल प्रशिक्षण गजेंद्र सिंह सौन, नोडल कार्मिक संगीता आर्या, समाज कल्याण अधिकारी जसमीत कौर, डीपीओ मंजुलता यादव आदि उपस्थित थे।

