भूस्खलन के चलते बचाव कार्य में दिक्कत
सीएनई रिपोर्टर, कपकोट। अपने खेतों गुड़ाई करते समय मिले जंगली मशरूम खाने से वृद्धा की मौत हो गई है, जबकि उसकी बहू की हालत गंभीर है। कई स्थानों पर भूस्खलन व सड़क क्षतिग्रस्त होने के चलते चिकित्सीय टीम व एंबूलसेंस को मौके पर पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक तहसील कपकोट के कुंवारी गांव में एक बुजुर्ग महिला एवं उसकी बहू जंगली मशरूम खाने से गम्भीर रूप से बीमार हो गए। बुजुर्ग महिला की मौत हो गयी जबकि उसकी बहू की हालत गम्भीर बनी हुई है।

निवर्तमान प्रधान धर्मा देवी ने बताया कि अपने पुराने घर के पास बगीचे में राजमा की गुड़ाई कर रहे थे। धनुली देवी 65 वर्ष (सास) और कविता देवी 27 वर्ष (बहू)। को गुड़ाई करते हुए जंगली मशरूम मिल गए। उन्होंने पुराने घर मे ही इसकी सब्जी बनाकर रोटी के साथ खा लिया। खाना खाने के बाद से उनको बैचेनी होने लगी। कुछ देर बाद धनुली देवी की मौत हो गई लेकिन कविता को ग्रामीणों ने जड़ी—बूटी खिलाकर बचा लिया है। कविता होश में है लेकिन हालत गंभीर है।
परिवार में धनुली देवी, उसका लड़का खिलाफ राम, बहू कविता और तीन छोटे बच्चे हैं। खिलाफ राम और बच्चे घटना के समय दूसरे घर मे थे। जो घटना स्थल से दूर है। ग्रामीण महेंद्र सिंह ने इसकी सूचना हॉस्पिटल में भी दी और प्रभारी चिकित्साधिकारी बृजेश घटियाल ने सूचना मिलने पर गांव के लिए एम्बुलेंस और चिकित्सा टीम भेज दी है।
मृतका के पुत्र से साधा संपर्क
स्थानीय ग्रामीण महेंद्र के अनुसार कुंवारी सड़क,गधेरे में लगातार हो रहे लगारतार भूस्खलन के कारण बंद है, जिसके कारण गांव तक एम्बुलेंस नहीं पहुंच सकती। मृतका के पुत्र खिलाफ राम ने अपनी गंभीर बनी पत्नी कविता को सड़क तक लाने से मना कर दिया है। परामर्श के बाद भी उसने सड़क तक आने तथा एम्बुलेंस की सहायता लेने के लिए भी मना कर दिया।
मौके पर तत्काल भेजी गई है पुलिस टीम : थाना प्रभारी
कपकोट। थाना प्रभारी खुशवंत सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम गांव की ओर रवाना कर दी गयी है। टीम के घटनास्थल पहुंचने के बाद ही मामले की विस्तृत जानकारी मिल पाएगी। उन्होंन बताया कि जहां सड़क बंद है, वहां से गांव की दूरी 6 किमी है।

