सुभाष चौक में दुकानों में जो घुसा बदबूदार पानी, लाखों की क्षति
— रानीखेत से गोपालनाथ गोस्वामी की रिपोर्ट —
पर्यटन नगरी रानीखेत में आज बुधवार को हुई मूसलाधार बारिश ने कुछ देर के लिए आपदा के से हालात बना दिए। केमू स्टेशन के पास नाले चौक हो जाने से बरसाती बदबूदार पानी सुभाष चौक में स्थिति तमाम दुकानों में जा घुसा, जिससे व्यापारियों को लाखों की क्षति हुई। बादल फटने की आशंका के चलते अफरा—तफरी का माहौल कायम हो गया। सूचित मिलने पर पुलिस व बचाव दल पहुंचा और आनन—फानन में चौक हुए नालों में निकासी सुचारू की गई।

उल्लेखनीय है कि मानसून के सीजन में इन दिनों संपूर्ण प्रदेश में अच्छी बारिश हो रही है। कई सड़क मार्ग भी क्षतिग्रस्त हैं। वहीं बुधवार को रानीखेत नगर के सुभाष चौक में दुकानों में बारिश पानी का सैलाब की शक्ल में जब दुकानों में घुसा तो तमाम लोग हक्के—बक्के रह गए।
मूसलाधार बारिश – See Video News
पानी का बहाव इतना तेज था कि व्यापारी ज्यादा कुछ कर ही नहीं पाए। दोपहर 2 बजे से लगातार मूसलाधार बारिश 4 बजे तक चली। लोगों का कहना था की बारिश इतनी तेज थी कि उन्हें ऐसा लगा कि जैसे बादल फट गया है।

इस मूसलाधार बारिश से सर्वाधिक नुकसान केमू स्टेशन के निकटवर्ती सुभाष चौक में हुआ। जहां कई दुकानों में तेज बहाव के साथ बदबूदार पानी का सैलाब घुस आया। हरबोला इलेक्ट्रानिक्स टीवी की दुकान तथा इससे लगी मोहन नेगी के जनरल स्टोर और अग्रवाल कपड़े की दुकान में बरसाती पानी घुसने से काफी नुकसान हुआ।

इधर छावनी परिषद के एकल सदस्य मोहन नेगी की सूचना पर कैंट छावनी से कर्मचारी और पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और रैस्क्यू कार्य किया। असल में यह बारिश का पानी ऊपर कूम स्टेशन से आया था। बताया गया है कि स्टेशन पर पानी की निकासी नाले कूड़े से चौक हो जाने के कारण नहीं हो पाई। फिर पानी का बहाव बाजार की तरफ हो गया। जिसके बाद देखते ही देखते तमाम दुकानों में पानी भर गया।

