असिस्टेंट ड्रेस मेकर प्रशिक्षण प्रारंभ
सीएनई रिपोर्टर, बागेश्वर। भारतीय रेडक्रास सोसायटी ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक और कदम बढ़ा दिया है। साढ़े तीन माह का असिस्टेंट ड्रेस मेकर प्रशिक्षण प्रारंभ किया है, जिसमें 20 महिलाएं प्रतिभाग कर रही हैं।
भारतीय रेडक्रास समिति के भवन में व्यावसायिक प्रशिक्षण का शुभारंभ चेयरमैर इंद्र सिंह फर्स्वाण ने किया। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण न केवल महिलाओं को हुनरमंद बनाएगा, बल्कि उनके परिवारों को आर्थिक रूप से भी सशक्त करेगा।
कार्यक्रम भारतीय रेडक्रास समिति एवं जन शिक्षण संस्थान के संयुक्त प्रयास से संचालित किया जा रहा है। 20 परिवारों के जीवन में बदलाव लाने का सशक्त माध्यम बनेगा।
जन शिक्षण संस्थान के निदेशक जितेंद्र तिवारी ने बताया कि संस्थान नवीन मशीनों तथा अनुभवी मास्टर ट्रेनर्स के माध्यम से प्रशिक्षण प्रदान करेगा। प्रशिक्षण उपरांत बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मास्टर ट्रेनर के रूप में उन्नत प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
प्रदेश प्रतिनिधि दीपक पाठक ने प्रशिक्षणार्थियों से नियमितता तथा अनुशासन के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने का आह्वान किया। इस अवसर पर वृक्ष प्रेमी किशन सिंह मलड़ा, वेद प्रकाश पांडे, आरपी. कांडपाल, हिमांशु जोशी, सरिता पपोला, मास्टर ट्रेनर जया खेतवाल, भावना दानू आदि उपस्थित थे। संचालन सचिव आलोक पांडे ने किया।

