योग शिविर और पुस्तक मेले का आयोजन
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा। आर्मी पब्लिक स्कूल में चल रहे प्रात:कालीन योग शिविर का समापन हो गया है। 18 जून से 21 जून तक आयोजित शिविर में विभिन्न योग आसनों, मुद्राओं, प्राणायामों के अभ्यास कराया गया।

योग शिविर में विद्यालय के समस्त विद्यार्थियों, शिक्षक – शिक्षिकाओं ने प्रतिभाग किया। योग शिविर के दौरान विद्यालय के शारीरिक शिक्षा प्रवक्ता सुरेश चंद्र सिंह, खेल प्रशिक्षक बीएस भंडारी तथा शिक्षिका मंजू बिष्ट ने योग प्रशिक्षण दिया।

विद्यालय में 20 तथा 21 जून को वर्ल्ड विजन पब्लिकेशन के सहयोग से पुस्तक मेले का आयोजन भी किया गया। पुस्तक मेले में ज्ञानवर्धक, सामान्य ज्ञान, साहित्य, प्रतियोगिता, तर्क, विज्ञान, व्याकरण, जीवनी से संबंधित पुस्तकें उपलब्ध कराई गई।
इस मेले का उद्घाटन भारतीय थल सेना के मेजर राहुल तिवारी द्वारा किया गया। अपने संबोधन में विद्यालय के प्रधानाचार्य सुशील जोशी ने योग के लाभों से विद्यार्थियों को अवगत कराया। साथ ही इस डिजिटल होती दुनिया में पुस्तकों के कभी खत्म न होने वाले महत्त्व पर भी प्रकाश डाला।

