HomeUttar Pradeshदुःखद खबर : शादी कर वापस लौट रहे दूल्हा-दुल्हन समेत 7 की...

दुःखद खबर : शादी कर वापस लौट रहे दूल्हा-दुल्हन समेत 7 की मौत

ADVERTISEMENTS

UP News | उत्तर प्रदेश में बिजनौर जिले के धामपुर क्षेत्र में नेशनल हाईवे -74 पर शुक्रवार और शनिवार की रात दर्दनाक हादसे में दूल्हा-दुल्हन समेत 7 लोगों की मौत हो गई। हादसे की सूचना जैसे ही घर वालों को मिली परिवार में कोहराम मच गया, गांव में मातम छाया हुआ है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिजनौर में हुए सड़क हादसे में मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि नेशनल हाईवे -74 स्थित फायर ब्रिगेड स्टेशन के समीप बीती देर रात लगभग दो बजे घने कोहरे में कार व आटो में टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चालक समेत सात लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में दूल्हा-दुल्हन, दूल्हे का भाई, मौसी समेत सगे संबंधी शामिल हैं। सभी मृतक बिजनौर जनपद के धामपुर थाना क्षेत्र निवासी बताए गए हैं।

छह लोग झारखंड से विशाल की शादी के बाद वापस अपने गांव लौट रहे थे। सभी लोग मुरादाबाद स्टेशन पर उतरे और वहां से ऑटो में बिजनौर के धामपुर जा रहे थे। इसी दौरान तिबड़ी गांव जाते समय धामपुर नगीना मार्ग पर क्रेटा कार ने पीछे से आटों में टक्कर मार दी। ऑटो सड़क किनारे खाई में जा गिरा। जिसमें घायल सभी छह लोगों की उपचार के लिए चिकित्सालय जाते समय मौत हो गई। थ्री व्हीलर चालक अजब सिंह की भी मौत हो गई। हादसे में घायल क्रेटा सवार शेरकोट निवासी सोहेल अल्वी व अमन को चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। हादसे की जगह से दूल्हे का घर सिर्फ 5 किलोमीटर दूर है। एसपी अभिषेक ने बताया- घने कोहरे के कारण हादसा हुआ है।

हादसे में 10 साल की बच्ची की भी मौत

बिजनौर के तिबड़ी गांव निवासी खुर्शीद अपने बेटे विशाल की शादी करने झारखंड गए थे। शादी 14 नवंबर को थी। शादी करके शुक्रवार को परिवार के साथ गांव लौट रहे थे। उनके साथ विशाल, उसकी पत्नी खुशी, मौसी रूबी, मौसा मुमताज, मौसेरी बहन बुशरा के अलावा परिवार के दो लोग थे। हादसे में खुर्शीद (65), विशाल (25), नवविवाहित खुशी (22), मुमताज (45), रूबी (42), बुशरा (10) और ऑटो चालक अजब की मौत हो गई।

ADVERTISEMENTS
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments