गरमपानी : नींद से आंख खुली तो फुंफकारता दिखा 01 मीटर लंबा ‘धामन’ सांप

0

⏩ वन विभाग ने ऐसे किया रेस्क्यू

सीएनई रिपोर्टर, गरमपानी


ADVERTISEMENTS

Forest Department did Dhaman snake rescue

कल्पना कीजिए अगर आप अपने घर में गहरी नींद में सो रहे हैं और अचानक किसी अजीब सी आवाज़ से अचानक आप की नींद खुल जाये और आप पायें कि एक लंबा सांप ठीक आपकी चारपाई के ऊपर दीवार पर फुंफकार रहा है, तो आप पर क्या बीतेगी। ऐसा ही कुछ यहां गरमपानी-खैरना के मध्य तहसील के निकटवर्ती निवासरत विपिन राम के साथ हुआ। वह जब नींद से अचानक जागे तो उन्होंने पाया कि उनकी चारपाई के पास ही घर की दीवार पर एक विशाल सांप फुंफकार रहा है।

घटनाक्रम के अनुसार यहां तहसील के पास विपिन राम का निवास है। वह अपने घर के भीतर सोये हुए थे। तभी अचानक उन्हें अपने मकान में कुछ हलचल महसूस हुई और अजीब सा स्वर सुनाई दिया। जिसके बाद वह जाग गये और उन्होंने देखा कि घर की दीवार पर एक विशाल सांप फुंफकार रहा है। यह देख उनके होश फख्ता हो गये और उन्होंने जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया। शोर सुन आस-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे और करीब 01 मीटर से लंबे सांप को देख हर कोई हैरान रह गया। समझा जा रहा है कि यह सांप किसी वक्त अचानक घर में दाखिल हो गया और सुरक्षित ठिकाने की तलाश में दीवार पर जा चढ़ा होगा।

जिसके बाद आनन-फानन में आसपास के लोगों द्वारा इसकी सूचना वन विभाग को दी गई। जिसके बाद वन विभाग के कर्मचारी गोपाल सिंह नेगी मौके पर साजो-सामान के साथ पहुंचे और उन्होंने इस सर्प का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे घर से बाहर निकाला तथा उसके प्राकृतिक आवास नदी की तरफ छोड़ दिया। इधर सर्प विशेषज्ञों के अनुसार यह सांप ‘धामन’ प्रजाति का हो सकता है। पहाड़ों में यह सर्प अकसर दिखाई देते हैं और खास तौर पर बरसात के दिनों में अपने बिलों से बाहर निकल आते हैं। इन दिनों यहां बारिश गत दो दिन से चल रही है। शायद बिल में पानी भर जाने के बाद यह सांप बाहर निकल घर में दाखिल हो गया। वह तो गनीमत रही कि गृह स्वामी की नींद समय पर खुल गई और इनकी नजर इस सांप पर पड़ गई, नहीं तो घटना कुछ और रंग भी ले सकती थी।

जानिये इस सांप के बारे में –

इस प्रजाति के सांप को धामिन, धामन या धामस नाम से जाना जाता है। यह एक रैट स्नेक है औरयह मध्यम से लेकर काफी बड़े आकार का हो सकता है। यह सर्प पूरे भारत वर्ष में देखे जाते हैं। इनकी आहार श्रृंखला में मुख्य रूप से चूहे, चिड़िया, मेढक आदि जीव होते हैं। आम तौर पर यह साप विषैला नहीं होता है, लेकिन यह अपने मजबूत शरीर से लोगों को अजगर की तरह जकड़ने में भी सक्षम है। एक वयस्क धामन सांप की लंबाई 1.65 से 2 मीटर तक होती है, लेकिन 3.52 मीटर (11 फीट 9 इंच) तक के सांप भी देखे गये हैं। नर सर्प मादा से अधिक लंबे होते हैं। इस सांप की एक विशेषता और यह है कि यह अपने ऊपरी सिर की मदद से आसानी से काफी तेज रफ्तार से पानी में भी तैरता है। यह सांप अकसर नदी-तालाबों में भी चले जाया करते हैं। यह पेड़ों, खड़ी चट्टानों व दीवारों पर चढ़ने में माहिर होते हैं तथा 6 मीटर की ऊंचाई से कूद भी लगा सकते हैं। आमतौर पर यह खतरा महसूस होने पर भाग जाते हैं, लेकिन यदि घिर जायें तो दुश्मन का बड़ी बहादुरी से मुकाबला करते हैं।

धामन की यह हरकत आपको चौंका देगी

आम तौर पर लोग इस प्रजाति के सांप को विष रहित मानते हैं और यह समझा जाता है कि यह इंसानों के लिए ज्यादा खतरनाक नहीं हैं। इसके बावजूद साल 2022 के जून माह में मध्य प्रदेश मधेपुरा जिले के मुरलीगंज थाना क्षेत्र के मीरगंज में इस प्रजाति के सांप ने एक महिला का पीछा कर उसे आधे किलोमीटर तक दौड़ा दिया था। यह घटना तब दोपहर के वक्त मीरगंज चौक की है। जबकुछ महिलाएं घास काट रही थीं, तभी अचानक घास के बीच से एक धामन सांप निकला और महिलाओं पर फुफकार मारते हुए झपट गया। इस सांप को देख जब महिलाएं भागी तो वह भी बहुत तेज रफ्तार से उनके पीछे आधा किलोमीटर तक भागा था। हालांकि यह कुछ कर पाता उससे पहले ही कुछ लोगों ने इसे मार डाला था। फिर भी इस घटना ने सर्प विशेषज्ञों को यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि इस सांप की कुछ प्रजाति काफी घातक भी हो सकती हैं।

ADVERTISEMENTS
कैंचीधाम की भीड़ ने किया बेहाल!
दिन भर सरकते रहे वाहन
▶ पूरी खबर YouTube पर देखें