यहां प्रेमी जोड़े ने नदी में लगा दी छलांग, युवती का शव मिला (ये था पूरा मामला)

नोएडा। यहां सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। एक प्रेमी जोड़े ने यमुना नदी में छलांग लगा दी। पुलिस ने प्रेमिका का शव बरामद कर लिया है, किंतु प्रेमी का अभी पता नहीं चल सका है।
मामला नोएडा (यूपी) के थाना क्षेत्र सेक्टर 126 का है। अपर पुलिस उप आयुक्त (जोन प्रथम नोएडा) रणविजय सिंह के अनुसार 33 वर्षीय मोहम्मद वकील निवासी संगम विहार दिल्ली की अपने घर पर कपड़े तैयार करने की फैक्ट्री है। इसी फैक्ट्री में 24 वर्षीया सायरा बानो पिछले 04—05 महीनों से काम रही थी। इस बीच मो. वकील व सायरा बानो के बीच प्रेम प्रसंग चला और प्यार आगे बढ़ा, तो दोनों ने शादी का निर्णय लिया। जैसे ही इस बात की भनक उनके परिवारों को लगी, तो दोनों के परिवार इस शादी के खिलाफ हो गए। यह विरोध में उनके विवाह में रोड़ा बन गया। इससे यह प्रेमी युगल बेहद व्यथित चल रहे थे।
गत शनिवार को प्रेमी युगल ने नोएडा में यमुना बैराज पर पहुंचे और बैराज से दोनों ने एक साथ यमुना नदी में छलांग लगा दी। इस दौरान आसपास से लोगों ने शोर मचाया और खबर कानोंकान पहुंच गई। जानकारी मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और गोताखोरों को बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने युवती का शव बरामद कर लिया, लेकिन रविवार शाम तक युवक का पता नहीं चल सका था।