➤ UKPSC की परीक्षा में बड़ी सफलता प्राप्त कर वित्त अधिकारी बने
➤ कड़ी मेहनत रंग लाई, ग्रामीण बेटियों के लिए प्रेरणा बनी बबीता

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा/बागेश्वर: उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग (UKPSC) की उत्तराखण्ड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा में अल्मोड़ा से कमलदीप सिंह पिलख्वाल व प्रभाकर परमार ने सफलता प्राप्त कर नाम रोशन किया है। वहीं बागेश्वर की बबीता ने भी इस परीक्षा में सफलता अर्जित कर ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा का काम किया है। खास बात ये है कि ये तीनों विवेकानंद इंटर कालेजों से पढ़े हैं।
विवेकानन्द इण्टर कॉलेज रानीधारा अल्मोड़ा के पूर्व छात्र कमलदीप सिंह पिलख्वाल और प्रभाकर परमार ने उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग (UKPSC) की उत्तराखण्ड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा में सफलता अर्जित की है। उनका चयन वित्त अधिकारी/ कोषाधिकारी पद पर हुआ है। उन्होंने अपने माता-पिता, विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
कमलदीप सिंह पिलख्वाल:—
कमलदीप ने प्रारंभिक शिक्षा सरस्वती शिशु मंदिर, कपड़खान और कक्षा 6 से 12वीं तक की शिक्षा विवेकानंद इंटर कॉलेज, रानीधारा, अल्मोड़ा से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने DIT university देहरादून से बीटेक (इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग) की पढ़ाई वर्ष 2017 में पूरी की और इसके बाद वर्ष 2022 तक प्राइवेट कंपनी में जॉब की। इसके बाद वर्ष 2023 से निरंतर कठिन परिश्रम, मेहनत और समर्पण के बल पर मुकाम हासिल कर लिया।
प्रभाकर सिंह परमार:—
वहीं प्रभाकर सिंह परमार ने प्रारंभिक शिक्षा सरस्वती शिशु मंदिर रानीखेत, कक्षा 6 से 10वीं तक विवेकानंद विद्या मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रानीखेत तथा 11वीं व 12वीं कक्षा की शिक्षा विवेकानंद इंटर कॉलेज, रानीधारा, अल्मोड़ा से प्राप्त की। इंटर के बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के हिन्दू कॉलेज से भौतिक विज्ञान विषय में स्नातक BSc (Hons) तथा तथा उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय से MSc Physics की पढ़ाई पूरी की। और निरंतर कठिन परिश्रम, मेहनत और समर्पण के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। कमल व प्रभाकर ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार, गुरुजनों और शुभचिंतकों को दिया है। दोनों की इस उपलब्धि पर यहां उनके विद्यालय में खुशी का माहौल है। पूर्व प्रधानाचार्य मोहन सिंह रावल एवं प्रधानाचार्य आलम सिंह उनियाल सहित समस्त विद्यालय परिवार ने उनकी इस उपलब्धि पर उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
बागेश्वर की बबीता की उपलब्धि
बागेश्वर: जिले की एक होनहार बेटी ने पीसीएस परीक्षा में सफलता हासिल कर वित्त अधिकारी पद पर चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सफलता की खबर मिलते ही उनके गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया। जिले के खरेईपट्टी क्षेत्र के लोग गांव निवासी दिनेश चंद लोबियाल की पुत्री बबिता लोबियाल का चयन वित्त अधिकारी पद पर हुआ है। बबिता की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
बबिता ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा क्षेत्र में प्राप्त करने के बाद विवेकानंद इंटर कालेज, बागेश्वर से इंटरमीडिएट उत्तीर्ण किया। इसके बाद उन्होंने गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर से बीटेक की पढ़ाई पूरी की। कठिन परिश्रम और लगन के बल पर उन्होंने पीसीएस परीक्षा में सफलता अर्जित कर वित्त अधिकारी बनने का सपना साकार किया। उनके पिता दिनेश चंद लोबियाल वर्तमान में नैनीताल जिले के एक राजकीय इंटर कालेज में प्रवक्ता के पद पर कार्यरत हैं, जबकि माता रजनी देवी गृहिणी हैं। बबिता अपने परिवार में सबसे छोटी हैं। उनकी तीन बहनें और दो भाई हैं। उनकी सफलता पर ग्राम प्रधान सहित क्षेत्र के लोगों ने उनके परिवार को बधाई दी। उनकी चाची बीना देवी, संतोष कुमार, मनोज कुमार, शेखर चंद समेत अनेक ग्रामीणों ने गांव में मिष्ठान वितरित कर खुशी का इजहार किया। ग्रामीणों ने कहा कि बबिता ने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे बागेश्वर जिले का गौरव बढ़ाया है।


