CNE REPORTER, रुद्रपुर: जिले के रुद्रपुर में एक युवक पर स्टील पाइप से जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला मित्र के साथ अभद्र टिप्पणी और छेड़छाड़ का विरोध करना युवक को भारी पड़ गया। विरोध से नाराज तीन युवकों ने उस पर स्टील पाइप से हमला कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार भूरारानी निवासी एक युवक ने कोतवाली रुद्रपुर में दी गई शिकायत में बताया कि 12 मार्च की रात वह अपनी महिला मित्र के साथ भोजन करने के बाद घर के बाहर टहल रहा था। इसी दौरान नवीनखेड़ा क्षेत्र के एक फार्म में रहने वाले पिंटू, उमेश और चंदन वहां आ पहुंचे।
युवक का आरोप है कि तीनों आरोपियों ने उसकी महिला मित्र को देखकर फब्तियां कसनी शुरू कर दीं और उसके साथ अभद्र व्यवहार करने लगे। इतना ही नहीं, उन्होंने कथित तौर पर छेड़छाड़ करने की भी कोशिश की।
पीड़ित युवक ने जब आरोपियों को ऐसा करने से रोका और विरोध जताया, तो तीनों आरोपी उस पर टूट पड़े। आरोप है कि आरोपियों ने स्टील के पाइप से युवक के सिर पर जोरदार वार कर दिया। वार इतना तेज था कि युवक का सिर फट गया और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।
गंभीर चोट लगने के कारण वह कुछ देर के लिए बेहोश भी हो गया। इस दौरान आरोपी उसे अधमरी हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए।
पीड़ित का आरोप है कि जाते-जाते आरोपियों ने उसे धमकी दी कि अगर उसने पुलिस में शिकायत की तो उसे जान से मार दिया जाएगा। आरोपियों ने यह भी कहा कि उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।
घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से घायल युवक को तुरंत सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उसके सिर पर छह टांके लगाए। इसके अलावा उसके चेहरे, हाथ, पीठ, कंधे, आंख के नीचे और कोहनी पर भी गंभीर चोटें बताई गई हैं।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
मामले में पीड़ित युवक ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में एसएसआई अनिल जोशी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


