👉 अल्मोड़ा में चल रही विक्टोरिया प्रीमियर लीग के तहत क्वालीफायर मैच शुरू
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: यहां हेमवती नंदन बहुगुणा स्पोर्ट्स स्टेडियम में पिछले कई रोज से चल रहे विक्टोरिया प्रीमियर लीग के मैचों के तहत अब क्वालीफायर मैच का क्रम शुरू हो गया है। लीग मैचों के बाद शुक्रवार को खेले गए क्वालीफायर मैच में विक्टोरिया की टीम फाइनल में पहुंच गई है।
पहला मैच क्वालिफायर मैच विक्टोरिया व अल्मोड़ा चैलेंजर्स की टीमों के बीच हुआ। टीम विक्टोरिया ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए अल्मोड़ा चैलेंजर्स की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट खोकर 181 रन बनाए। इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी विक्टोरिया ने 15.4 ओवरों में 2 विकेट खोकर 183 रन बना कर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस तरह टीम विक्टोरिया ने इस मुक़ाबले में 8 विकटों से बड़ी जीत दर्ज की और फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बनी। इस मैच के मैन ऑफ दा मैच टीम विक्टोरिया के ऑल राउंडर जतीन विर्क रहे, जिन्होंने पूर्व गेंदबाजी करते हुए 4 ओवरों में 17 रन देकर 4 विकेट व तेज तर्रार बल्लेबाजी करते हुए 37 गेंदों में 88 रनों की नाबाद पारी खेली।
दूसरा एलिमिनेटर मैच शिव शक्ति व गुरुड़ाबाज लायंस के बीच खेला गया। जिसमें शिव शक्ति ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए गुरुड़ाबाज की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 267 रन बनाए। इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी शिव शक्ति की टीम ने 4 विकेट खोकर 18.2 ओवरों में 269 रन बना कर रिकॉर्ड ऐतिहासिक जीत दर्ज की। मैच के मैन ऑफ द मैच शिव शक्ति टीम के ऑल राउंडर प्रदीप कार्की रहे, जिन्होंने पहले गेंदबाजी करते हुए 4 ओवरों में 41 रन देकर 1 विकेट व तेज तर्रार बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों में 94 रनों की नाबाद पारी खेली।
आज मैच में सत्येन्द्र कुमार सिंह व शमशाद अल्वी अंपायर, मयंक व अभय स्कोरर, अनिल टम्टा उद्घोषक और किशन लाल ग्राउंड्स मैन रहे। इधर, विक्टोरिया क्लब के अध्यक्ष मनोज सिंह पवार ने बताया कि कल यानी 20 सितंबर को दूसरा क्वालिफायर मैच शिव शक्ति व अल्मोड़ा चैलेंजर्स के बीच खेला जाएगा। लीग का फाइनल मुकाबला रविवार 21 सितंबर 2025 को होगा।


