सीने में दर्द की शिकायत पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ दिल्ली एम्स में भर्ती

नई दिल्ली | उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ (73 साल) को दिल्ली AIIMS में भर्ती कराया गया है। उन्होंने देर रात बेचैनी और सीने में दर्द की शिकायत की थी। उसके बाद रविवार सुबह करीब 2 बजे उन्हें AIIMS में एडमिट किया गया।
PTI के मुताबिक फिलहाल वह कार्डियोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉ. राजीव नारंग की देखरेख में क्रिटिकल केयर यूनिट (CCU) में हैं। उनकी हालत स्थिर बताई गई है। स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा उनकी सेहत की जानकारी लेने खुद AIIMS गए हैं।
बता दें कि 73 वर्षीय जगदीप धनखड़ देश के 14वें उपराष्ट्रपति हैं। इसके पहले साल 2019 से साल 2022 तक पश्चिम बंगाल के राज्यपाल के रूप में भी काम किया। 20 जुलाई 2019 को उनको पश्चिम बंगाल का गवर्नर नियुक्त किया गया था। राज्यपाल बनने से पहले वे भारतीय जनता पार्टी के सदस्य थे। 16 जुलाई, 2022 को जगदीप धनखड़ को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन द्वारा उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के रूप में नामित किया गया था। वे 1989-91 के दौरान 9वीं लोकसभा में जनता दल का प्रतिनिधित्व करते हुए राजस्थान के झुंझुनू (लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र) से संसद के सदस्य थे।
वह 1993-98 के दौरान राजस्थान की 10वीं विधानसभा के लिए किशनगढ़ से चुनाव जीते थे। वह राजस्थान हाई कोर्ट बार एसोसिएशन जयपुर के अध्यक्ष भी रहे हैं। जगदीप धनखड़ का राजनीतिक करियर करीब 30 सालों का है। वह पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की सरकार में संसदीय कार्य मंत्री की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। लोकसभा हो या विधानसभा वह जिस सदन के भी सदस्य रहे उसकी अहम समितियों में शामिल रहे हैं।