युवाओं को किया प्रेरित
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा | शहीद दिवस के अवसर पर उत्तराखंड क्रांतिदल, अल्मोड़ा इकाई द्वारा देश के अमर बलिदानियों — भगत सिंह, सुखदेव थापर और शिवराम राजगुरु — को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा, सम्मान और देशभक्ति के भाव के साथ किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत शहीदों के चित्रों पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर हुई। इस दौरान उपस्थित वक्ताओं ने स्वतंत्रता सेनानियों के अदम्य साहस, त्याग और राष्ट्रप्रेम को नमन करते हुए उनके आदर्शों को जीवन में उतारने का आह्वान किया।
वक्ताओं ने कहा कि 23 मार्च 1931 का दिन भारतीय इतिहास में अमर है, जब इन वीर सपूतों ने हंसते-हंसते देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। उनके बलिदान से प्रेरणा लेकर समाज, विशेषकर युवा पीढ़ी को राष्ट्र और राज्य के प्रति अपने दायित्वों को समझना चाहिए।
उत्तराखंड क्रांतिदल के जिलाध्यक्ष दिनेश जोशी ने अपने संबोधन में कहा कि शहीदों का त्याग हमें हमेशा राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता है। वहीं जिला महामंत्री एडवोकेट देवेश जोशी ने देशवासियों से आह्वान किया कि वे शहीदों के सपनों के अनुरूप भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
केंद्रीय मंत्री गिरीश नाथ गोस्वामी ने कहा कि शहीद दिवस युवाओं को अपनी मिट्टी और अपनी पहचान के प्रति समर्पण का संदेश देता है। महानगर अध्यक्ष मोहित साह ने भी युवाओं से उत्तराखंड की अस्मिता और भविष्य की रक्षा के लिए आगे आने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कार्यकारी अध्यक्ष पान सिंह लटवाल, त्रिलोक लटवाल, पंकज सिंह, सोनू नेगी, मनीष कांडपाल, सुरजीत, पुष्कर सिंह और पवन चम्याल सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में वीर शहीदों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि सभा का समापन किया गया।


