✍️ शहीदों की शहादत से प्रेरणा लेकर कार्य करें: आलोक कुमार पांडेय
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: यहां कारगिल विजय दिवस की 26वीं वर्षगांठ समारोह शौर्य दिवस के रूप में पूरी श्रद्धा एवं सम्मान से मनाया गया। छावनी क्षेत्र में स्थित शहीद स्मारक पर कारगिल शहीदों को पुष्पचक्र व पुष्पांजलि अर्पित किए गए। गैरीसन अल्मोडा की सैन्य टुकड़ी ने शहीदों के सम्मान में सलामी दी। इस मौके पर 02 मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

कारगिल शहीदों की स्मृति में शहीद स्मारक पर आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय समेत एसएसपी देवेन्द्र पींचा, नगर निगम के मेयर अजय वर्मा, सीडीओ रामजी शरण शर्मा, गैरीसन अल्मोडा के प्रभारी कमान अधिकारी मेजर राहुल तिवारी, कर्नल जयन्त थापा व जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल विजय मनराल (से.नि.), कारगिल युद्ध की वीरांगनाओं एवं पूर्व सैनिकों ने शहीदों को पुष्पचक्र व पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। तत्पश्चात सैन्य टुकड़ी ने शहीदों के सम्मान में सलामी दी। इस मौके पर जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने अपने संबोधन में कारगिल युद्ध में जवानों के शौर्य को याद करते हुए कहा कि हम सभी को अपने शहीदों के मूल्यों और शहादत से प्रेरणा लेते हुए कार्य करना चाहिए।

शौर्य दिवस समारोह में सरस्वती माया घले पत्नी शहीद नायक हरी बहादुर घले सेना मेडल, सावित्री देवड़ी पत्नी लांसनायक स्व. हरीश देवड़ी, ममता चम्याल पत्नी पीटीआर स्व. उमेद सिंह चम्याल एवं कमला गोस्वामी पत्नी स्व. नायक देवेन्द्र गिरि को शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सीपीओ दिनेश चन्द्र तिवारी, सुबेदार मेजर आनरेरी ले. नरेन्द्र सिंह, महेन्द्र सिंह मेहरा समेत काफी संख्या में लोग शामिल रहे।

