✍️ 30 अक्टूबर से 5 नवंबर तक चलेगा जय गोलज्यू महोत्सव-2025
✍️ विभिन्न प्रदेशों की लोक संस्कृति की बयार बहेगी, स्टार नाइटें भी होंगी
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: सांस्कृतिक नगरी के ऐतिहासिक मल्ला महल परिसर में आगामी 30 अक्टूबर से व्यापक धूमधाम रहेगी। यहां जय गोलज्यू महोत्सव-2025 का इस दिन से आगाज होगा। जहां महज उत्तराखंडी लोक संस्कृति ही नहीं वरन् विभिन्न प्रदेशों की लोक संस्कृति की बयार चलेगी। प्रसिद्ध कलाकारों की स्टार नाइटें होंगी। इसके अलावा विभिन्न प्रतियोगिताओं को महोत्सव में शामिल किया गया है। यह महोत्सव 5 नवंबर तक चलेगा।
महोत्सव की आयोजक संस्कार सांस्कृतिक एवं पर्यावरण संरक्षण समिति नयालखोला अल्मोड़ा है। महोत्सव के संयोजक मंडल ने मंगलवार को यहां होटल में आयोजित प्रेसवार्ता में महोत्सव के कार्यक्रमों की जानकारी दी और बताया कि तैयारियां लगभग कर ली गई हैं। संयोजक मंडल के हरीश कनवाल व तारा चंद्र जोशी ने बताया कि 30 अक्टूबर को जीजीआईसी अल्मोड़ा स्थित ड्योड़ीपोखर से सुबह 10 बजे भव्य शोभायात्रा से महोत्सव का आगाज होगा, यह शोभायात्रा मल्ला महल पहुंचेगी। दोपहर एक बजे विधिवत मल्ला महल परिसर में मुख्य अतिथि इसका शुभारंभ करेंगी। अलग-अलग दिवसों में शगुन आंखर, कत्थक नृत्य, छोलिया नृत्य, झोड़ा गायन, उत्तराखंड लोकनृत्य व भजन की प्रस्तुतियां होंगी। विभिन्न प्रदेशों की संस्कृति से ओतप्रोत कार्यक्रम भी महोत्सव में शामिल हैं, जिनमें जम्मू डोगरी, पंजाब का भांगड़ा व राजस्तानी कालबेलिया, गुजरात का सिद्धि धमाल, पंजाब का गिद्दा, राजस्थान का भवई, पश्चिम बंगाल का रायबंशी, हरियाणा का फाग आदि नृत्य मंच पर धमाल मचाएंगे।
बच्चों की विभिन्न प्रतियोगिताएं होंगी। इनमें नृत्य व गायन, भजन, फैंसी ड्रेस शो, महिला गायन, झोड़ा नृत्य, एकल नृत्य, पारंपरिक परिधान आदि प्रतियोगिताएं शामिल हैं। अंतिम रोज दोपहर एक बजे से कवि सम्मेलन भी रखा गया है। प्रेसवार्ता संयोजक मंडल के अविनाश थापा, पूरन रौतेला, ललित कुंवर, रवि चौहान, लता तिवारी, राधा बिष्ट, मयंक रौतेला आदि भी शामिल रहे।
इनकी होंगी स्टार नाइटें
30 अक्टूबर— कल्याण बोरा एवं सूरज प्रकाश
31 अक्टूबर— दीपिका राज व नवीन पाठक।
01 नवंबर— राकेश खनवाल व ज्योति कोहली।
02 नवंबर— जितेंद्र तोमक्याल व महिपाल मेहता।
03 नवंबर— इंदर आर्य व रूचि आर्या।
04 नंवबर— ललित मोहन जोशी व दीवान कनवाल।
05 नवंबर— पंजाबी गायक कर्मराज कर्मा एंड पार्टी।

