यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों के खिलाफ सख्त अभियान
CNE REPORTER, अल्मोड़ा। जनपद में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले और टशन में वाहनों के शीशों पर काली फिल्म लगाकर घूमने वाले चालकों के विरुद्ध दन्या पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार किया है। दन्या पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान काली फिल्म लगे वाहनों को रोककर मौके पर ही फिल्म उतरवाई गई और मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। इसके साथ ही अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 15 वाहनों के भी चालान काटते हुए चालकों को भविष्य के लिए कड़ी चेतावनी दी गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोडके द्वारा समस्त थाना और चौकी प्रभारियों, निरीक्षकों, उपनिरीक्षकों (यातायात) व प्रभारी इंटरसेप्टर को चौपहिया वाहनों के शीशों पर काली फिल्म लगाने वाले चालकों के विरुद्ध अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने दोपहिया वाहनों में रेट्रो साइलेंसर लगाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने तथा आम जनमानस के लिए समस्या उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई करने को कहा है।

इसी क्रम में आज दिनांक 11 अप्रैल 2026 को अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी अल्मोड़ा/यातायात बलवंत सिंह के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष दन्या दिनेश नाथ महंत, मुख्य आरक्षी भूपाल सिंह, आरक्षी चन्दन सिंह और आरक्षी मोहित कुमार की पुलिस टीम द्वारा थाना क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान दो वाहनों के शीशों पर प्रतिबंधित काली फिल्म लगी पाई गई, जिसे पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर ही हटवाया। पुलिस द्वारा सभी वाहन चालकों को सख्त हिदायत दी गई है कि यदि भविष्य में यातायात नियमों का उल्लंघन किया गया तो और भी कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


