डाक बंगले के पास लगा डामर प्लांट हटाने की मांग
ग्रामीणों एसडीएम से लगाई गुहार
सीएनई रिपोर्टर, सुयालबाड़ी : विकासखंड रामगढ़ की ग्राम पंचायत चोपड़ा में विकास की वेदी पर जनस्वास्थ्य की बलि दी जा रही है। गांव के ऐतिहासिक डाक बंगले के समीप स्थापित डामर प्लांट से निकलने वाला जहरीला धुआं अब ग्रामीणों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है।
आलम यह है कि रिहायशी इलाकों में छाई धुएं की काली चादर ने बुजुर्गों और बीमारों का जीना मुहाल कर दिया है। इस गंभीर समस्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने अब प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए डामर प्लांट को तत्काल हटाने की मांग तेज कर दी है।
सांसों पर पहरा, बीमारों की बढ़ी मुश्किल
चोपड़ा और सिरसा गांव के ठीक बीचों-बीच स्थित इस डामर प्लांट से उठने वाला सघन धुआं हवा में घुलकर घरों तक पहुंच रहा है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, प्रदूषण का स्तर इतना बढ़ गया है कि स्वस्थ लोगों को भी सांस लेने में तकलीफ महसूस हो रही है। सबसे खराब स्थिति फेफड़ों की बीमारी से जूझ रहे मरीजों और वृद्धजनों की है, जिन्हें चौबीस घंटे प्रदूषित हवा में रहने को विवश होना पड़ रहा है।
“यह विकास नहीं, विनाश की आहट है। हमारे बच्चों और बुजुर्गों के फेफड़ों में डामर का धुआं भर रहा है। अगर इसे तुरंत नहीं रोका गया, तो यह क्षेत्र गंभीर बीमारियों का केंद्र बन जाएगा।” — स्थानीय ग्रामीण
एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
समस्या के समाधान हेतु क्षेत्र पंचायत सदस्य नीरज कुमार एवं ग्राम प्रधान ललिता के नेतृत्व में ग्रामीणों के एक शिष्टमंडल ने एसडीएम श्री कैंचीधाम से मुलाकात की। ग्रामीणों ने उन्हें ज्ञापन सौंपकर वस्तुस्थिति से अवगत कराया और स्पष्ट किया कि जनहित में इस प्लांट का यहां से हटना अनिवार्य है।
ज्ञापन में उठाई गई मुख्य बातें:
- डामर प्लांट के धुएं से ग्राम सिरसा और चोपड़ा की पूरी आबादी प्रभावित है।
- रिहायशी इलाके और डाक बंगले के समीप प्लांट लगाना नियमों का उल्लंघन है।
- प्रदूषण के कारण ग्रामीणों का सामान्य जीवन पूरी तरह दुश्वार हो चुका है।
- प्रशासन से मांग की गई है कि इस प्लांट को अविलंब किसी निर्जन स्थान पर स्थानांतरित किया जाए।
प्रशासन को सौंपे गए ज्ञापन में क्षेत्र पंचायत सदस्य नीरज कुमार और ग्राम प्रधान ललिता के अलावा खष्टी देवी, जगदीश राम, प्रताप राम, नंद किशोर, सुंदर लाल, पूजा देवी, कमला देवी, डौली देवी, गीता देवी, रोशन कुमार सहित दर्जनों ग्रामीणों ने किए हैं।

