HomeDelhiप्री-मानसून की पहली बारिश - दिल्ली एयरपोर्ट पर टर्मिनल-1 की छत गिरी;...

प्री-मानसून की पहली बारिश – दिल्ली एयरपोर्ट पर टर्मिनल-1 की छत गिरी; 1 की मौत, 5 घायल

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

नई दिल्ली | दिल्ली-NCR में गुरुवार (27 जून) को प्री-मानसून की पहली बारिश हुई। शुक्रवार (28 जून) को लगातार दूसरे दिन बारिश जारी है। सुबह के समय कुछ घंटे तेज बारिश हुई। इससे दिल्ली-NCR के कई इलाकों में 2 से 4 फीट तक पानी भर गया है।

दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुबह करीब 5 बजे टर्मिनल-1 की छत गिर गई। इसकी चपेट में कई टैक्सियां और कारें आ गईं। 6 लोग घायल हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान एक की मौत हो गई।

दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के अधिकारियों ने बताया कि दबी गाड़ियों में लोगों के फंसे होने की आशंका के कारण सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। टर्मिनल-1 की छत की शीट के अलावा सपोर्ट बीम भी ढह गया है। इससे टर्मिनल के पिक-अप और ड्रॉप एरिया में खड़ी कारों को नुकसान पहुंचा। दमकल की तीन गाड़ियां एयरपोर्ट पर राहत-बचाव में जुटी हैं।

सिविल एविएशन मिनिस्टर के. राम मोहन नायडू ने भी घटना पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने X पर लिखा, ‘मैं निजी तौर पर हालात पर नजर रख रहा हूं। सभी एयरलाइंस को टर्मिनल-1 पर प्रभावित यात्रियों की सहायता करने की सलाह दी गई है। घटनास्थल पर रेस्क्यू टीमें काम कर रही हैं। बचाव अभियान अभी भी जारी है।’

दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर फ्लाइट सस्पेंड की गईं

छत गिरने की घटना के बाद दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 से उड़ान भरने वाली फ्लाइट्स दोपहर 2 बजे तक सस्पेंड कर दी गई हैं। कई उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि छत गिरने के हादसे और खराब मौसम के कारण टर्मिनल-1 पर चेक-इन काउंटर बंद कर दिए गए हैं।

फ्लाइट्स सस्पेंड होने के कारण दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर पहुंचे कई यात्री परेशान दिखे। यश नाम के एक पैसेंजर ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया, ‘मैं बेंगलुरु जा रहा था, सुबह 8:15 बजे मेरी फ्लाइट थी। यहां सुबह करीब 5 बजे के बीच छत गिर गई। एयरपोर्ट अथॉरिटी के पास कोई जवाब नहीं है।’ एक अन्य पैसेंजर ने बताया, ‘मेरी सुबह 9 बजे की फ्लाइट है। मुझे पता चला कि यहां ऊपर का ढांचा ढह गया है। कुछ उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। वे (अधिकारी) अब हमें टर्मिनल-2 जाने के लिए कह रहे हैं।’

इधर डीजीसीए ने एयरलाइंस को कहा कि वे यात्रियों को वैकल्पिक उड़ानों में समायोजित करें या नियमों के तहत पूर्ण रिफंड प्रदान करें।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments