जल जीवन मिशन (JJM) के अंतर्गत 50 लाख से अधिक धनराशि स्वीकृत
पूर्व प्रधान कमल पडलिया ने विधायक का जताया आभार
सीएनई रिपोर्टर, हल्द्वानी : जल जीवन मिशन (JJM) के अंतर्गत क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में ग्राम पंचायत जयपुर पाडली में वर्षों से क्षतिग्रस्त पड़ी सड़कों के डामरीकरण का कार्य शीघ्र प्रारंभ होने जा रहा है।
इस महत्वपूर्ण विकास कार्य पर 50 लाख रुपये से अधिक की धनराशि खर्च की जाएगी, जिससे ग्रामीणों को बेहतर यातायात सुविधा, आवागमन में सुगमता और सुरक्षित सड़कें उपलब्ध होंगी।
गुरुवार को ग्राम पंचायत जयपुर पाडली के पूर्व प्रधान कमल पडालिया ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से मुलाकात कर प्रस्तावित योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की और एक औपचारिक ज्ञापन सौंपा। इस दौरान उन्होंने गांव की सभी क्षतिग्रस्त सड़कों के शीघ्र डामरीकरण की आवश्यकता को रेखांकित किया। विभागीय अधिकारियों के साथ मौके पर निरीक्षण कराकर आवश्यक तकनीकी प्रक्रिया को भी आगे बढ़ाया गया, ताकि कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो।
विधायक बंशीधर भगत का मिला मजबूत समर्थन
कमल पडालिया ने बताया कि कुछ माह पूर्व कालाढूंगी क्षेत्र के विधायक बंशीधर भगत के आवास पर आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में उन्होंने क्षेत्र की बदहाल सड़कों की समस्या को प्रमुखता से उठाया था। इस पर विधायक ने गंभीरता दिखाते हुए लोक निर्माण विभाग को तत्काल कार्य संचालन के निर्देश दिए थे। विधायक के स्पष्ट आदेश और सक्रिय पहल के चलते लगभग 50 लाख रुपये से अधिक की लागत से सड़कों के डामरीकरण की स्वीकृति प्रदान की गई, जिससे अब कार्य प्रारंभ होने की सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं।
ग्रामीणों में खुशी की लहर
सड़कों के डामरीकरण की स्वीकृति मिलने से स्थानीय निवासियों में उत्साह है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से जर्जर सड़कों के कारण उन्हें आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। बारिश के मौसम में कीचड़ और गड्ढों के कारण स्थिति और भी खराब हो जाती थी। अब डामरीकरण का कार्य शुरू होने से न केवल ग्रामीणों की दैनिक समस्याएं कम होंगी, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास को भी गति मिलेगी।
पूर्व प्रधान कमल पडालिया ने समस्त ग्राम पंचायत की ओर से विधायक बंशीधर भगत के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सक्रियता, संवेदनशीलता और विकासोन्मुखी सोच के कारण यह महत्वपूर्ण योजना धरातल पर उतर पाई है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगे भी विधायक के मार्गदर्शन में क्षेत्र में जनहित से जुड़े अन्य विकास कार्य तेजी से संपन्न होंगे।
यह परियोजना निश्चित रूप से ग्राम पंचायत जयपुर पाडली के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी और ग्रामीणों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाएगी।

