HomeUttarakhandAlmoraआस्था का सैलाब: सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा बनी नंदामय, श्रद्धालुओं से पटी बाजार...

आस्था का सैलाब: सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा बनी नंदामय, श्रद्धालुओं से पटी बाजार व सड़क

ADVERTISEMENTS

👉 मां के जयकारों व भजनों ने शहर में बही भक्ति की बयार, मां के डोले पर अक्षत—पुष्प की बरसात
👉 डोला विसर्जन के साथ नंदादेवी मेले का समापन, आखिरी दिन
मौसम ने दिया साथ

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: बुधवार को मां नंदा के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठी और पूरी सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा नंदामय बन गयी। एक सप्ताह से यहां आयोजित ऐतिहासिक एवं पौराणिक नंदादेवी मेले के आखिरी दिन बुधवार को मां नंदा—सुनंदा की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में नंदादेवी परिसर ही नहीं बल्कि पूरी बाजार में भक्तों व दर्शकों का सैलाब उमड़ पड़ा। इस विहंगम नजारे के हजारों नयन गवाह बने। मां के डोले की एक झलक पाने को महिलाएं, पुरुष, युवा और बच्चे शहर की मुख्य बाजार व माल रोड के दोनों छोरों, छतों, बालकनी, बरामदों में खड़े रहे। उन्होंने मां नंदा के डोले के दर्शन किए और अक्षत—पुष्प चढ़ाए।

65 साल के मैराथन मैन महिपाल सिंह
65 की उम्र में शुगर को दी मात!
देखें 'फिट दादाजी' की पूरी कहानी (आवाज़ के साथ)

यहां उल्लेखनीय है कि बीते 28 अगस्त, 2025 से से यहां नंदादेवी मेले की धूम शुरू हुई। इसके बाद से हर दिन पूजा-अर्चना, प्रतियोगिताओं, रंगारंग कार्यक्रमों तथा स्टार नाइटों ने हजारों की संख्या में मेलार्थी खींचे और मेले पर चार चांद लगाए। इसी क्रम के चलते बुधवार को चंदवंशज सोमेश्वर राज चंद व उनके अन्य परिजनों ने अपनी कुलदेवी की पूजा-अर्चना की। अपराह्न पूर्व निर्धारित कार्यक्रमानुसार मंदिर में परंपरागत तरीके से विशेष पूजा-अर्चना की। अपराह्न मां नंदा—सुनंदा का डोला उठा। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में शामिल श्रद्धालुओं ने मां के जयकारे लगाते और भजन गाते हुए चल रहे थे। छोलिया नर्तक नृत्य करते हुए चल रहे थे। पूरे बाजार में हजारों लोगों ने मार्ग में दोनों तरफ खड़े होकर डोले का स्वागत किया। मकानों की छतों और खिड़कियों से भक्तों ने मां के डोले के दर्शन किए और अक्षत पुष्प चढ़ाए और भीगी पलकों से मां नंदा को विदा किया।

शोभायात्रा के बीच देव डंगरियों से भक्तों ने आशीर्वाद लिया। महिलाओं की बड़ी टोली परंपरागत परिधान में भजन व कीर्तन गाते हुए चल रही थी।नंदादेवी से निकलकर शोभायात्रा लाला बाजार, बंसल गली व शिखर के समीप से माल रोड होते हुए आगे बढ़ी। मां नंदा-सुनंदा को ड्योड़ीपोखर में चंद राजाओं के कुलदेवी मंदिर के दर्शन कराए। मंदिर से राज परिवार के सदस्यों ने मां के डोले की आरती उतारी। इसके बाद डोला सीढ़ी बाजार व लोहे के शेर से मुख्य बाजार होते हुए आगे बढ़ी। बाद में नंदा-सुनंदा की मूर्तियों को दुगालखोला स्थित नौले में पूजा-अर्चना और धार्मिक विधि-विधान के साथ विसर्जित किया गया। शांति व्यवस्था के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। कई बार भारी भीड़ उमड़ने से आवाजाही में काफी दिक्कतें लोगों ने झेली और पुलिस को व्यवस्था बनाने में खासी मशक्कत करनी पड़ी। आज शोभायात्रा के साथ ही नंदादेवी महोत्सव का समापन हो गया है।

शोभायात्रा में महापौर अजय वर्मा, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, को—आपरेटिव बैंक के पूर्व अध्यक्ष ललित लटवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र भोज, राजेंद्र बाराकोटी, आनंद सिंह बगड्वाल, नंदादेवी मंदिर कमेटी के अध्यक्ष मनोज वर्मा, मुख्य संयोजक अर्जुन सिंह बिष्ट ‘चीमा’, उपाध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, सचिव मनोज सनवाल, व्यवस्थापक अनूप साह, डा. निर्मल जोशी, मुन्ना वर्मा, एलके पंत, अमरनाथ सिंह नेगी, जगत तिवारी, हरीश कनवाल, दिनेश गोयल, किशन गुरुरानी, परितोष जोशी समेत बड़ी संख्या में राजनैतिक, सामाजिक व सांस्कृतिक संगठनों लोग शामिल हुए। पूजा अर्चना में राज पुरोहित नागेश पंत व दिनेश पंत तथा नंदादेवी मंदिर के पुजारी तारा चंद्र जोशी के मंत्रोच्चारों के बीच संपन्न हुई।
——————
आखिरी दिन मौसम ने दिया साथ

अल्मोड़ा: इस बार आसमानी आफत ने मेले में बड़ा खलल भी डाला, भारी वर्षा से दो दिन मेलार्थियों को मेले का लुत्फ उठाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद मेला समिति के प्रयासों से सभी कार्यक्रम विधिवत संपन्न हुए, हालांकि भारी बारिश ने मेले में पहुंचे झूले व चरखे संचालकों, विविध सामग्री लेकर पहुंचे व्यापारियों को काफी नुकसान भी उठाना पड़ा। हालांकि अंतिम रोज मौसम ने पूरा साथ दिया। दिनभर मेला स्थल मेलार्थियों से पटा रहा। मां का डोला उठाने से लेकर डोला विसर्जन तक मौसम आमतौर पर साफ रहा, हालांकि आसमान में बादलों की आवाजाही जारी रही।

ADVERTISEMENTS
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments