HomeBreaking Newsकोतवाल साहब ! भैंस दूध नहीं दुहने दे रही, औरत बोली "मुर्गे...

कोतवाल साहब ! भैंस दूध नहीं दुहने दे रही, औरत बोली “मुर्गे पर दर्ज करो मुकदमा”

ADVERTISEMENTSAd

सीएनई रिपोर्टर

अपराधों पर नियंत्रण व भय मुक्त समाज के निर्माण में पुलिस की अहम भूमिका को नकारा नहीं जा सकता। इसके बावजूद कभी पुलिस के पास ऐसे मामले आ जाया करते हैं कि, जिसमें पुलिस भी हैरान होकर रह जाती है। ऐसे ही दो बड़े रोचक व हैरान करने वाली खबरें आई हैं। पहले मामले में एक आदमी पुलिस के पास यह शिकायत लेकर पहुंच गया कि उसकी भैंस उसे दूध दुहने ही नहीं देती है। वहीं एक महिला ने एक मुर्गे के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके उसकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने में जमकर हंगामा काटा।

यह दोनों मामले मध्य प्रदेश के भिंड जिले के हैं। पहले मामले में एक किसान बाबूलाल जाटव कोतवाली आया और उसने एक तहरीर दी। जिसमें लिखा था कि उसकी भैंस पिछले कुछ दिनों से दूध नहीं दुहने दे रही है, इसमें उसे पुलिस की मदद की जरूरत है। इस वाक्ये की पुष्टि करते हुए पुलिस उपाधीक्षक अरविंद शाह ने बताया कि बाबूलाल जाटव गत दिवस ​शनिवार को नया गांव पुलिस थाने में एक शिकायत लेकर पहुंचा। जिसमें कहा गया था कि उसकी भैंस पिछले कुछ दिनों से दूध नहीं दुहने दे रही है। उन्होंने बताया कि हद तो तब हो गई जब करीब 04 घंटे बाद किसान अपनी भैंस को लेकर ही थाने आ गया।

सीओ ने बताया कि इस अनूठे मामले में थाना प्रभारी ने काफी दिमाग से काम लेते हुए पशु पालक की पूरी मदद की। उन्होंने इस संबंध में पशु चिकित्सा से बात की। जिसके बाद पशु चिकित्सक की राय के अनुसार किसान को कुछ टिप्स बता दिए। फिर जब ग्रामीण ने दूध दुहा तो भैंस ने दूध दुहने दिया। जिसके बाद उस ग्रामीण ने पुलिस का तहे दिल से शुक्रिया भी अदा किया।

वहीं दूसरा मामला शिवपुरी में देखने को मिला। जहां एक महिला थाने में एक मुर्गे के खिलाफ शिकायत लेकर पहुंच गई। उसने कहा कि उसकी 08 माह की बच्ची को उसके पड़ोसी का मुर्गा तीन बार चोंच मार चुका है। महिला पूनरम कुशवाह ने बताया कि उसकी बेटी रितिका इस मुर्गे से बहुत डर गई है। पुलिस के समझाने पर भी महिला नहीं मानी और थाने में हंगामा करने लगी। जिसके बाद मुर्गे के मालिक पप्पू जाटव को बुलाया गया। पप्पू ने बताया कि उसके मुर्गे ने महिला की बच्ची को चोंच मारी है, इसलिए अब उसने मुर्गे को बांध कर रख दिया है।

तभी इस बीच पप्पू जाटव की पत्नी रीना भी थाने आ गई। उसने कहा कि इस मुर्गे को वह अपनी औलाद की तरह प्यार करते हैं। इसलिए मुर्गे पर मुकदमा दर्ज नहीं करें। पुलिस ने जैसे—तैसे इन लोगों को समझाया और तय हुआ कि अब पप्पू जाटव अपने मुर्गे को बांधकर रखेगा ताकि वह भविष्य में पड़ोसी की बिटिया को चोंच न मार सके। जिसके बाद यह मामला निपटा। अलबत्ता यह दोनों मामले बेहद चर्चा का विषय बने हुए हैं।

ADVERTISEMENTS
Deepak Manral
Deepak Manralhttp://creativenewsexpress.com
तीन दशकों के करीब का कार्यानुभव रखने वाले दीपक मनराल पत्रकारिता जगत का एक सम्मानित नाम हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1996 में एक त्रैमासिक पत्रिका के सहयोगी संपादक के रूप में की थी। बीते 25 वर्षों में उन्होंने अमर उजाला, दैनिक भास्कर, दैनिक आज, उत्तरांचल दीप और चारधाम टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में 'ब्यूरो प्रमुख' की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाई हैं। वर्तमान में वे 'गंगोत्री अक्षर उजाला पोस्ट' के संपादक हैं और सीएनई (CNE) मीडिया हाउस के संस्थापक व स्वामी के रूप में डिजिटल मीडिया को नई दिशा दे रहे हैं। अपनी निष्पक्ष और ईमानदार पत्रकारिता के लिए पहचाने जाने वाले मनराल आज भी प्रतिदिन 'ग्राउंड ज़ीरो' से जुड़कर सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं।
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments