HomeUttarakhandDehradunगणतंत्र दिवस परेड में शामिल होगी उत्तराखंड की झांकी

गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होगी उत्तराखंड की झांकी

देहरादून | गणतंत्र दिवस परेड-2025 के लिए नई दिल्ली में कर्तव्य पथ पर प्रदर्शित की जाने वाली झांकी में उत्तराखंड राज्य ‘‘साहसिक खेल‘‘ (एडवेंचर स्पोर्ट्स) का भारत सरकार द्वारा चयन कर लिया गया है। उत्तराखंड की झांकी के डिजायन, मॉडल और संगीत को उत्कृष्ट पाए जाने के बाद चयन किया गया है। यह जानकारी सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने दी है। वर्ष 2023 में उत्तराखण्ड की “मानसखण्ड” झांकी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया था।

सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने बताया कि अक्टूबर (2024) में रक्षा मंत्रालय भारत सरकार के अधीन गठित विशेषज्ञ समिति को कुल 34 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों ने अपने-अपने प्रस्ताव भेजे थे। विभिन्न बैठकों में नोडल अधिकारी तथा संयुक्त निदेशक, सूचना के.एस.चौहान ने विशेषज्ञ समिति के सम्मुख उत्तराखण्ड राज्य की झांकी के डिज़ाइन, मॉडल तथा संगीत का प्रस्तुतीकरण किया था।

उत्तराखण्ड राज्य की झांकी में इस बार झांकी के अग्र भाग में प्रसिद्ध ऐपण आर्ट को बनाते हुए उत्तराखण्डी परिधान में महिला को दिखाया गया है तथा झांकी के मध्य व पिछले भाग में साहसिक खेलों जैसे रॉक क्लाइम्बिंग, पैराग्लाइडिंग, बन्जी जम्पिंग, हिल साइकलिंग, ट्रैकिंग, रिवर राफ्टिंग, औली में स्कीइंग और ऋषिकेश में जिप-लाइनिंग और रॉक क्लाइम्बिंग को दिखाया गया है।

उन्होंने बताया कि इस बार उत्तराखंड सहित कुल 15 प्रदेशों की झांकी का गणतंत्र दिवस परेड के लिए अंतिम चयन हुआ है। जिसमें आंध्र प्रदेश, बिहार, गोवा, गुजरात, हरियाणा, झारखंड, कर्नाटका, मध्यप्रदेश, पंजाब, त्रिपुरा, उत्तरप्रदेश, पश्चिम बंगाल, चंडीगढ़ सहित दादर नागर हवेली और दमन केन्द्र शासित प्रदेश का चयन किया गया है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा – राज्य के लिए गर्व का विषय

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह हमारे राज्य के लिए गर्व का विषय है कि गणतंत्र दिवस परेड के लिए उत्तराखण्ड की झांकी का चयन हुआ है। इस बार झांकी में उत्तराखण्ड की पहचान, प्राकृतिक सौंदर्य और एडवेंचर स्पोर्ट्स की संभावनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। हमारा राज्य न केवल अपने आध्यात्मिक और प्राकृतिक महत्व के लिए जाना जाता है, बल्कि यह साहसिक खेलों के क्षेत्र में भी अग्रणी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं झांकी के निर्माण में जुड़े सभी कलाकारों और अधिकारियों को बधाई देता हूं। हम इस झांकी के माध्यम से देवभूमि उत्तराखण्ड को पर्यटन और एडवेंचर स्पोर्ट्स के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में और मजबूती से कदम बढ़ाएंगे।

हल्द्वानी पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, हॉस्पिटल में भर्ती घायलों का जाना हाल

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments