सीएनई रिपोर्टर, हल्द्वानी।राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय, शैलनट एवं आनंदा एकेडमी हल्द्वानी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित अभिनय एवं नाट्य प्रशिक्षण कार्यशाला के दूसरे दिन उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय (UOU) ने “उच्च शिक्षा आपके द्वार” अभियान के अंतर्गत एक विशेष अभिप्रेरण कार्यक्रम का आयोजन किया। यह कार्यक्रम राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, हल्द्वानी के सभागार में संपन्न हुआ।

कुलपति प्रोफेसर नवीन चन्द्र लोहनी के मौखिक निर्देशों के क्रम में आयोजित इस कार्यक्रम में दर्शकों को विश्वविद्यालय के डिप्लोमा, स्नातक एवं स्नातकोत्तर कार्यक्रमों के साथ-साथ यूजीसी समर्थित दोहरी डिग्री प्रोग्राम के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
हल्द्वानी शहर के प्रतिभागियों और नाट्यप्रेमियों को विश्वविद्यालय में नामांकन हेतु प्रेरित किया गया, जिससे अधिक से अधिक छात्र-छात्राएं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से लाभान्वित हो सकें।
विद्वतजनों और रंगकर्मियों की सहभागिता
इस अवसर पर मंच से साइनिंग स्टार स्कूल, रामनगर के शिक्षक एवं निदेशक; किच्छा की सामाजिक कार्यकर्ता एवं रंगकर्मी ज्योति गांधी, राजकीय महाविद्यालय तलवाड़ी के हिंदी प्राध्यापक डॉ. खेमराज, शैलनट के अध्यक्ष श्री राजीव शर्मा एवं हल्द्वानी के नाट्यप्रेमियों से राजनीति विज्ञान विभाग की डॉ. लता जोशी ने संवाद किया।
यह आयोजन कला और शिक्षा के समन्वय का उदाहरण रहा, जिसने युवा पीढ़ी को शिक्षा के महत्व और रंगमंच की सामाजिक भूमिका से परिचित कराया।


