HomeUttarakhandAlmoraAlmora Breaking: सभी धर्मों व जातियों के लिए समान कानून लागू होगा—धामी

Almora Breaking: सभी धर्मों व जातियों के लिए समान कानून लागू होगा—धामी

—डोल आश्रम के वार्षिकोत्सव व पीठम् स्थापना में पहुंचे मुख्यमंत्री
—600 दिव्य कन्याओं का पूजन कर कराया भोजन
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा
प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पूर्व निर्धारित कार्यक्रमानुसार आज अल्मोड़ा जनपद के विकासखण्ड लमगड़ा अंतर्गत कल्याणिका हिमालय देवस्थानम् डोल के चतुर्थ वार्षिकोत्सव एवं पीठ्म स्थापना के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे। मुख्यमंत्री ने 600 दिव्य कन्याओं का पूजन कर उन्हें भोजन कराया व ध्वजारोहण किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि डोल आश्रम प्राचीन भारतीय सभ्यता एवं संस्कृति की मिसाल है। उन्होंने कहा इसके विकास के​ लिए सरकार हर संभव सहयोग देगी। सीएम ने यह भी कहा कि उत्तराखंड में सभी धर्मों व जातियों के लिये समान कानून लागू होगा।

समारोह में सीएम धामी ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के लमगड़ा ब्लॉक में स्थित यह आश्रम हमारी धनी प्राचीन भारतीय सभ्यता एवं संस्कृति की जीती जागती मिसाल है। श्री कल्याणिका हिमालयन देवस्थानम न्यास कनरा-डोल (डोल आश्रम) नाम से जानी जाने वाली यह जगह अपने आप में अद्भुत और अनोखी है। यह सिर्फ एक मठ नहीं है, बल्कि इसको आध्यात्मिक व साधना केंद्र के रुप में विकसित किया जा रहा है, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु यहां बैठकर ध्यान व साधना कर सकें। इस आश्रम में विश्व का सबसे बड़ा व सबसे भारी श्रीयंत्र मुख्य आकर्षण का केंद्र है, जो वैदिक एवं आध्यात्मिक आस्था को एक साथ जोड़ने के लिए स्थापित है। उन्होंने कहा कि बाबा कल्याण दास के इस सराहनीय कार्य से इस क्षेत्र में एक ओर धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, दूसरी ओर सामाजिक बुराईयां भी दूर होंगी। उन्होंने कहा आश्रम के विकास के लिए प्रदेश सरकार हर सम्भव सहयोग देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें अपनी पुरानी संस्कृति और परम्पराओं को बचाए रखना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड आध्यात्म और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण राज्य है। श्री धामी ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य में हर क्षेत्र में बेहतरी आ रही है। केदारनाथ धाम में अनेक पुनर्निर्माण के कार्य हुए है। चारधाम यात्रा के लिए श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए हर संभव सुविधा प्रदान करने के प्रयास हो रहे हैं।

सीएम बोले कि उत्तराखण्ड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए राज्य सरकार कृत संकल्पित है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखकर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा कल्याण दास महाराज द्वारा बनाए गया आश्रम सबके लिये प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार एक नया इतिहास रचने जा रही है, जिसके तहत सभी धर्मों व जातियों के लिये समान कानून लागू होगा। उन्होंने सरकार के कई कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि हमारी सरकार हर 100 दिन के विकास कार्यों की रिर्पोट जारी करेगी।

सांसद अजय टम्टा ने कहा कि अल्मोड़ा—पिथौरागढ़ लोकसभा क्षेत्र में बाबा कल्याणदास द्वारा किये जा रहे ऐतिहासिक कार्यों का लाभ पूरे क्षेत्र की जनता को मिलेगा। क्षेत्रीय विधायक मोहन सिंह मेहरा ने बाबा कल्याण दास के कार्यों को सराहा। उन्होंने मुख्यमंत्री के निर्णयों की सराहना करते हुए उन्हें क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। इससे पहले विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष गोविन्द सिंह कुंजवाल ने आश्रम के इतिहास पर प्रकाश डाला तथा भविष्य की कार्य योजनाओं की जानकारी देते हुये डोल आश्रम में संचालित संस्कृति विद्यालय को महाविद्यालय बनाये जाने की मांग रखी। अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी व साधवी ऋतुभरा (दीदी मां) ने भी अपने विचार रखे, जबकि आश्रम के संस्थापक बाबा कल्याण दास ने अरदास करते हुए विश्व की सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम का संचालन स्वामी विष्व स्वरूपानन्द महाराज ने किया। समारोह में जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष ललित लटवाल, डीएम वन्दना सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार राय, पूर्व दर्जा मंत्री दिनेश कुंजवाल, ब्लाक प्रमुख विक्रम बगड्वाल, भाजपा नेता सुभाष पाण्डे, प्रकाश भट्ट, गोपाल चौहान, प्रशांत भैसोड़ा, डमरू सेठ, सीडीओ नवनीत पाण्डे, एडीएम सीएस मर्तोलिया सहित देश के विभिन्न हिस्सों से आए साधु—संत तथा बड़ी संख्या में विभिन्न राजनैतिक दलों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि व क्षेत्रीय लोग रहे।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments